गंगा नदी में सिल्ट आने से शक्ति नहर का पानी रोका
संवाद न्यूज एजेंसी
ऋषिकेश। गंगा में सिल्ट आने के कारण पशुलोक बैराज कंट्रोल रूम से चीला शक्ति का पानी बंद कर बैराज के सभी गेट खोल दिए गए। दोपहर बाद सिल्ट की मात्रा कम होने पर गेट बंद कर चीला शक्ति नहर में पानी छोड़ा गया।
पर्वतीय क्षेत्रों में चार दिन से झमाझम बारिश हो रही है। बारिश के कारण छोटे-बड़े नाले और गदेरों में पानी बढ़ गया है। इस पानी के साथ लकड़ी के स्लीपरों के साथ सिल्ट (रेत) बहकर आ रहा है। गंगा नदी में बृहस्पतिवार सुबह से सिल्ट की मात्रा बढ़ने लगी थी।
उसके बाद पशुलोक बैराज स्थित कंट्रोल रूम से बैराज के सभी गेट खोलकर चीला शक्ति नहर में पानी बंद कर दिया गया। कंट्रोल रूम से सिल्ट पर लगातार नजर रखी जा रही थी। शुक्रवार को दोपहर 12:30 बजे गंगा में सिल्ट की मात्रा कम होने पर शक्ति नहर में पानी छोड़ा। कुल 3 घंटे 30 मिनट तक चीला बिजलीघर में उत्पादन ठप रहा।
-
सामान्य रहा गंगा का जलस्तर
ऋषिकेश में गंगा जलस्तर सामान्य रहा। त्रिवेणीघाट स्थित केंद्रीय जल आयोग के कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार गंगा का जलस्तर दोपहर 12 बजे से लेकर शाम छह बजे तक 338.17 मीटर था। वहीं प्रशासन की ओर से घाटों पर मुनादी कर संवेदनशील घाटों से दूर रहने की अपील की जा रही है। बाढ़ से प्रभावित होने वाले क्षेत्रों पर नजर रखी जा रही है। कई क्षेत्रों में बाढ़ चौकी खोलने की भी तैयारी की जा रही है।