- डोईवाला के व्यस्त बाजारों में आगजनी की घटनाओं से निपटने की परखी तैयारियां
- दमकल वाहनों के लिए रास्ता खाली कराने और भीड़ नियंत्रण पर दिया जोर
डोईवाला। दीपावली और अन्य त्योहार पर किसी भी अप्रिय घटना से निपटने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए डोईवाला पुलिस और फायर ब्रिगेड ने शनिवार को संयुक्त अभ्यास किया। आग लगने जैसी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई करने, दमकल वाहन को घटनास्थल तक पहुंचाने के लिए व्यवस्थाओं को पुख्ता बनाते हुए पूर्वाभ्यास किया गया।
दशहरा व दीपावली के दौरान बाजारों में खरीददारी के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। डोईवाला के मिल रोड, देहरादून रोड, ऋषिकेश रोड के अलावा रेलवे रोड का बाजार सर्वाधिक व्यस्त रहता है। ऐसे में आतिशबाजी और अन्य किसी ज्वलनशील पदार्थ के कारण अक्सर छोटी बड़ी आगजनी की घटना हो जाती हैं। ऐसे में घटनास्थल से लोगों को सुरक्षित निकालने और अन्य चुनौतियों को सामना करने के लिए पुलिस ने पूर्वाभ्यास किया। घटना होने के बाद दमकल वाहन के लिए रास्ता खाली कराने से लेकर भीड़ को नियंत्रित करने के अलावा लोगों को घटनास्थल से सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के अलावा राहत-बचाव कार्यो में आपसी समन्वय बनाए रखने जैसे पहलुओं पर जोर दिया गया। प्रभारी निरीक्षक राकेश गुसाईं ने बताया कि इसका उद्देश्य पुलिस और फायर ब्रिगेड की तैयारियों को परखना और आपात स्थिति में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना है।