रायवाला में बीती देर रात शराब के कुछ लोगों की दबंगई सामने आई है। बताया जा रहा है कि अंग्रेजी शराब के ठेके के सामने स्थित राजकीय कन्या विद्यालय को मेन गेट तोड़कर आगे खिसकाने का प्रयास किया जा रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मेन गेट को उखाड़ कर दूसरी जगह शिफ्ट कर रहे कुछ लोगों को बलपूर्वक खदेड़ दिया।
आरोप है कि विद्यालय का गेट उखाड़ने वाले शराब के ठेका कर्मी थे, जो विद्यालय की अनुमति के बिना दूसरी जगह गेट का निर्माण करने का प्रयास कर रहे थे। मामले में मुख्य शिक्षाधिकारी एसपी खाली ने खंड शिक्षाधिकारी डोईवाला को जांच के आदेश दिए हैं।
दरअसल, राजकीय कन्या विद्यालय के गेट के सामने शराबियों का जमघट लगने से छात्राओं को आवाजाही में परेशानी होती है। लिहाजा स्थानीय लोग विद्यालय के मेन गेट के सामने खुले अंग्रेजी शराब ठेके को कहीं और शिफ्ट करने की मांग लंबे समय से उठा रहे हैं।
आरोप है कि मामले में विवाद के चलते ठेका संचालक ने अपने बचाव का रास्ता निकालते हुए सोमवार को रात करीब 11 बजे विद्यालय के मेन गेट को तोड़कर उसे करीब 50 मीटर आगे ले जाकर शिफ्ट करवाने लगा। इसके लिए निर्माण सामग्री भी मंगवा ली गई थी।
भनक लगते ही स्थानीय लोगों ने जमकर विरोध किया। हंगामा होने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने गेट को शिफ्ट कर रहे अज्ञात लोगों को बलपूर्वक खदेड़कर निर्माण कार्य रुकवा दिया।
इनका कहना है
मामला संज्ञान में आया है। विद्यालय का मेन गेट दूसरी जगह शिफ्ट करने के लिए विभाग ने किसी को कोई अनुमति नहीं दी है। खंड शिक्षा अधिकारी डोईवाला को मामले की जांच के आदेश दिए हैं। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
-शिव प्रसाद खाली, मुख्य शिक्षा अधिकारी, दून
देर रात पुलिस को सूचना मिली कि विद्यालय का गेट बदला जा रहा है। इस बाबत शिक्षा विभाग से अनुमति नहीं ली गई। देर रात पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गेट शिफ्ट करने का कार्य रुकवा दिया। जांच के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
-प्रदीप चौहान, थानाध्यक्ष रायवाला