शिवपुरी से लगे प्रसिद्ध पर्यटक स्थल नीर वाटरफॉल को सेवन सिस्टर (सात बहन) के नाम से पहचान दिलाने की योजना दो साल बाद भी परवान नहीं चढ़ पाई है। विभाग ने इसके लिए करीब साढ़े तीन करोड़ रुपये की डीपीआर तैयार की थी। लेकिन पूरी धनराशि न मिलने के कारण दो साल बाद भी यह कार्य पूर्ण नहीं हो पाया है।
ऋषिकेश शहर से करीब 15 किमी दूर शिवपुरी के समीप प्रसिद्ध पर्यटक स्थल नीर वाटरफाॅल को और भी अधिक सुंदर बनाने के लिए नरेंद्र नगर वन प्रभाग ने कार्य योजना तैयार की थी। इसके लिए 2023 में वन विभाग ने तीन करोड़ 60 लाख रुपये की लागत से होने वाले सौंदर्यीकरण कार्यों की डीपीआर तैयार की थी।
यहां करीब एक किमी के दायरे में सात ताल हैं। अब नीर वाटरफॉल को सेवन सिस्टर के नाम पर किए जाने की योजना है। सौंदर्यीकरण के तहत यहां प्रवेश द्वार, रास्ते व रेलिंग आदि का निर्माण किया जाना है। कुछ फैब्रिकेटेड दुकानें भी बनाई जाएंगी। यहां विकसित हो रहे भू स्खलन क्षेत्र का भी ट्रीटमेंट किया जाएगा।
क्षेत्र में छोटे-छोटे पुल बनाए जाएंगे। इस पूरे क्षेत्र में सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए कूड़ा निस्तारण प्लांट लगाए जाने की योजना भी है। सुरक्षा की दृष्टि से यहां सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। 10 टॉयलेट और सात चेंजिंग रूम, सोलर स्ट्रीट लाइट, बेंच, सेल्फी प्वाइंट आदि का निर्माण किया जाएगा। लेकिन सौंदर्यीकरण कार्यों के लिए पूरी धनराशि न मिलने के कारण यह योजना परवान नहीं चढ़ पाई है।
अभी तक वन विभाग में मात्र करीब 90 लाख रुपये ही मिले हैं। जिससे यहां कुछ ही कार्य किए जा सके हैं। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि इस वर्ष धनराशि मिलने की संभावना है। जल्द सभी कार्य पूर्ण कर लिए जाएंगे।
-
प्रति वर्ष होता है 10 से 15 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त
वन विभाग को नीर वाटरफाॅल से प्रतिवर्ष करीब 10 से 15 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त होता है। यहां आम लोगों के लिए 20 रुपये व विदेशियों के लिए 40 रुपये प्रवेश शुल्क रखा गया है। इस क्षेत्र की जिम्मेदारी ईको डेवलेपमेंट कमेटी को दी गई है। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि प्रवेश शुल्क बढ़ाए जाने को लेकर कमेटी से बात की जाएगी।
-
विमुंडा वाटरफाॅल का भी होगा सौंदर्यीकरण
वन विभाग नरेंद्र नगर के अधिकारियों का कहना है कि नरेंद्र नगर मोटर मार्ग पर आगरा खाल के समीप विमुंडा वाटरफाॅल का भी सौंदर्यीकरण किया जाएगा। इसके लिए योजना तैयार की जा रही है। सौंदर्यीकरण कर इसे सुंदर व सुविधायुक्त बनाया जाएगा।
-
नीर वाटरफाॅल के सौंदर्यीकरण के लिए 90 लाख रुपये की धनराशि मिली थी। जिससे कुछ कार्य हुए हैं। शेष धनराशि मिलने पर सौंदर्यीकरण कार्य पूर्ण कर लिए जाएंगे। - जीवन एम दगड़े, डीएफओ नरेंद्रनगर वन प्रभाग