अमर उजाला की ओर से डोईवाला में आयोजित मोहल्ला चौपाल में फरियादियों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। चौपाल में करीब 200 समस्याएं विभागीय अधिकारियों के समक्ष रखी गईं। जिस समस्या का हो सका उसका मौके पर ही निस्तारण किया गया। जबकि, अन्य शिकायतों के निस्तारण का आश्वासन दिया गया। कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान होने से चौपाल में पहुंचे लोगों के चेहरे खिल उठे।
शुक्रवार को नगर पालिका सभागार में सुबह 11 बजे से मोहल्ला चौपाल कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। पालिका के विभिन्न वार्डों के अलावा कई ग्राम पंचायतों के लोग चौपाल में समस्याएं लेकर पहुंचे। सुनवाई के दौरान बिजली, पानी, सड़क, स्वास्थ्य, वन, तहसील, अवैध कब्जे से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखी गईं। इनमें से ज्यादातर बिजली, राशन कार्ड, सड़क, आधार कार्ड बनने में दिक्कतों के मुद्दे आए। तहसीलदार शूरवीर सिंह राणा ने बताया कि कई समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण कर अन्य समस्याओं को संबंधित विभाग को भेजा गया। उन्होंने कहा कि कई मुद्दे ऐसे हैं जो शासन में लंबित हैं। उन्हें उच्चाधिकारियों के संज्ञान में लाकर निदान कर दिया जाएगा।
----
बिजली संबधित चार समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण
बिजली से संबधित चार समस्याओं का ऊर्जा निगम के एसडीओ कुलदीप बिष्ट ने मौके पर ही निस्तारण किया। वहीं, जल संस्थान के अवर अभियंता विनोद असवाल ने बताया कि पेयजल संबधित कुछ समस्याएं तत्काल निस्तारित हुई हैं। अन्य का जल्द ही समाधान कर दिया जाएगा। लोनिवि के अवर अभियंता राजेेश कुमार ने सड़कों पर गड्ढे और मार्ग चौड़ीकरण से जुड़े मुद्दों को सुना। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही गड्ढों को भर दिया जाएगा। सड़क चौड़ीकरण के लिए डीपीआर भेजा गया है। बजट मंजूर होते ही काम शुरू करवा दिया जाएगा। वहीं नशाखोरी की शिकायत पर कोतवाल विनोद गुसाईं ने आश्वासन दिया कि शीघ्र ही नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा।
----
चौपाल में उठी प्रमुख समस्याएं
- जंगली, लावारिस पशुओं और गोशाला की समस्या : अवतार सिंह
- शुगर मिल से निकलकर उड़ने वाली खोई की समस्या और स्वास्थ्य का संकट : गौरव मल्होत्रा, राजेन्द्र वर्मा
- दूधली मोथरोवाला मार्ग पर सड़क के बीच में खड़ा पेड़ बना यातायात में बाधक : ललित पंत
- शहीद दुर्गामल्ल मार्ग के चौड़ीकरण की मांग : रोहित क्षेत्री
- श्रमिक कार्ड बनवाने के लिए डोईवाला में केंद्र खोलने की मांग : महेन्द्र चौहान
- बिजली की लाइनों में लगे नंगे तार, लाइनमैनों को सुरक्षा उपकरण देने की मांग : सुनीता सैनी
- डोईवाला में कोल्ड स्टोरेज खोलने के लिए सरकारी स्तर पर सब्सिडी युक्त प्रोत्साहन की मांग : मंदीप बजाज
- कई वर्षों से लंबित किसानों के गन्ना मूल्य बकाया भुगतान की मांग : खड़क सिंह
- आधार कार्ड बनवाने के लिए अतिरिक्त केंद्र खोलने की मांग : गौरव मल्होत्रा
- तहसील में रिक्त चल रहे कर्मचारियों और अधिकारियों के तैनाती की मांग : मोहित उनियाल
- स्वच्छ भारत अभियान को अमलीजामा पहनाने के लिए शौचालय निर्माण की मांग : भारत भूषण कौशल
- सड़कों के किनारों जमी हाथी घास खत्मकर पटरियां बनाने की मांग : नरेन्द्र नेगी
- हादसे का सबब बने सैन चौकी जौलीग्रांट में ट्रांसफार्मर शिफ्टिंग की मांग : नरेश मनवाल
- सड़कों पर लग रहे जाम से निजात के लिए सार्वजनिक पार्किंग निर्माण की मांग : मनीष नांरग
- आवासीय क्षेत्रों में धमक रहे जंगली हाथियों से निजात और तारबाड़ की फरियाद : मनोज नौटियाल
- नगर में शवों को ले जाने के लिए अंतिम यात्रा वाहन की मांग : राजन गोयल
- युवाओं की नस्ल को खोखला कर रहे नशीले पदार्थों की बिक्री पर अंकुश की मांग : प्रीतम वर्मा
- हाईवे पर गड्ढे से हो रही दुघर्टनाओं की समस्या : सागर मनवाल
- लोगों को लहूलुहान कर रहे बंदरों के उत्पात से निजात दिलाने का मुद्दा : अश्वनी गुप्ता
- नहर की पटरी पर हुए अवैध अतिक्रमण को हटवाने की मांग : अजय सैनी
-----
डोईवाला को जल्द मिलेगा ऑडिटोरियम का तोहफा
मोहल्ला चौपाल में मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि के तौर पर शिरकत करने आए जनंसपर्क अधिकारी शैलेन्द्र त्यागी ने कहा कि डोईवाला में ऑडिटोरियम की बड़ी समस्या है। चौपाल में प्रमुख रूप से इस मुद्दे को उठाया गया है। लिहाजा, यहां ऑडिटोरियम हॉल बनाने के लिए मुख्यमंत्री से जल्द हरी झंडी दिलाने की पूरी कोशिश की जाएगी। इसके लिए भूमि की पड़ताल जल्द शुरू करवाई जाएगी। उन्होंने समस्याओं के निदान में अमर उजाला के प्रयासों की प्रंशसा करते हुए कहा कि यह एक अभिनव पहल है। चौपाल में बारिश के बावजूद भारी संख्या में लोगों का आना अमर उजाला की अच्छी छवि और पहल को तवज्जो मिलने का प्रमाण है। चौपाल जैसे आयोजनों से समस्याओं का निदान धरातल पर किया जा सकता है। कहा कि जिन समस्याओं का मौके पर निराकरण नहीं हो पाया है उन्हें निदान के लिए संबधित विभागों को भेज दिया जाएगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि अमर उजाला की ओर से होने वाली इस तरह की पहल को हम हर स्तर पर सहयोग देगें।
----
अगला कार्यक्रम हो ‘समाधान चौपाल’ : बोहरा
वन पंचायत सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष करन बोहरा ने अमर उजाला के जन सरोकारों के लिए काम करने को प्रशंसनीय बताया। उन्होंने कहा कि चौपाल में उठी समस्याओं को उन्होंने खुद नोट कर लिया है। जल्द ही उनके समाधान की प्रक्रिया शुरू करवाऊंगा। उन्होंने कहा कि अगले कार्यक्रम का शीर्षक ‘समाधान चौपाल’ होना चाहिए, जिसमें समस्याओं के समाधान पेश कर सकूं। करन बोहरा ने कहा कि मोहल्ला चौपाल अमर उजाला का बेहतरीन प्रयास है। डोईवाला में चौपाल के माध्यम से तमाम समस्याओं से रूबरू होने का अवसर मिला है। आम लोगों की ओर से आई समस्याओं को गंभीरता से लिया गया है। विभागीय अधिकारियों ने भी अमर उजाला की चौपाल के साथ मिलकर काम किया, जो जनसमस्याओं के निदान में सहायक सिद्ध हो रहा है।
-----
बंदरों के उत्पात से जीना हुआ मुहाल
बंदरों के बढ़ने से त्रस्त शिक्षक अश्वनी कुमार गुप्ता ने चौपाल में उत्पाती बंदरों की समस्या उठाई। इन दिनों नगर क्षेत्र में कई स्थानों पर विशेषकर प्रेमनगर बाजार, मिल रोड और नगर चौक के इलाकों में बंदरों का झुंड लोगों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। अश्वनी गुप्ता ने बताया कि उत्पाती बंदर गृहिणियों और बच्चों पर हमला कर रहे हैं।
---
पानी आता नहीं, बिजली बिल पहुंचा 11 हजार
केशवपुरी क्षेत्र की महिला जोगिंदर कौर ने बढ़ते बिजली के बिल और पानी की समस्या को उठाया। उन्होंने अधिकारियों को बताया कि परिवार में केवल दो ही सदस्य है। ऐसे में ऊर्जा निगम की ओर से बिजली का बिल 11 हजार का भेजा गया है। इतना ही नहीं उनके घर में पर्याप्त पानी भी नहीं आ रहा है। चौपाल के माध्यम से अधिकारियों से निदान की गुहार लगाई। संबंधित विभाग के अफसरों ने समस्या को दर्ज कर जल्द निदान का आश्वासन दिया।
---
बंसती देवी की आंखों में जगी पेंशन की आस
प्रेमनगर बाजार निवासी बुजुर्ग बंसती देवी लंबे समय से वृद्धावस्था पेंशन नहीं लगने से परेशान हैं। चौपाल कार्यक्रम के माध्यम से बुजुर्ग बंसती देवी ने पेंशन संबधी समस्या रखी। अवगत कराया कि कई सालों से वह समाज कल्याण विभाग के चक्कर काट रही हैं। चौपाल में मौजूद तहसीलदार ने बसंती देवी के दस्तावेज लेकर उन्हें आश्वस्त किया कि जल्द ही उनकी पेंशन लगवा दी जाएगी।
----
चौपाल में यह रहे शामिल
मोहल्ला चौपाल में मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि जनंसपर्क अधिकारी शैलेन्द्र त्यागी, वन पंचायत सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष करन बोहरा, नगर पालिका अध्यक्ष के प्रतिनिधि सागर मनवाल, ब्लॉक प्रमुख भगवान सिंह पोखरियाल, गन्ना समिति अध्यक्ष मनोज नौटियाल, मोहित उनियाल, नरेन्द्र सिंह नेगी, गौरव मल्होत्रा, मनीष धीमान, राजन गोयल, राजेन्द्र वर्मा, पूर्व ब्लॉक प्रमुख नगीना रानी, संदीप नेगी, हिमांशु राणा, रोहित क्षेत्री, विनय कंडवाल, भारत भूषण कौशल, राजकुमार अग्रवाल, मधु थापा, ललित पंत, अवतार सिंह, उम्मेद वोरा, जीतेन्द्र कुमार, अश्वनी गुप्ता, सुदेश सहगल, आलोक जोशी, मनमोहन नौटियाल, उदित क्षेत्री, चमनलाल, पार्वती देवी, ललिता देवी, अवतार सिंह, सरिता जोशी, मंदीप बजाज, रविन्द्र बैलवाल, धीरेन्द्र चौहान, नारायण सिंह बोरा, अंजू देवी, सुशील जायसवाल, संपूर्ण सिंह रावत,नागेन्द्र सिंह नागी, अंकित सोलंकी, विनित मनवाल, वेद प्रकाश कंडवाल, दुर्गा देवी, अब्दुल कादिर, इंद्रजीत सिंह लाडी, संजय अग्रवाल, राजबीर सिंह, ईश्वरचंद अग्रवाल, राजेन्द्र तडियाल, मनीष नारंग, विजय बख्शी, सर्वेश चौधरी आदि मौजूद रहे।
अमर उजाला की मोहल्ला चौपाल में शामिल लोग और विभिन्न विभागों के अधिकारी।- फोटो : RISHIKESH
चौपाल में विचार व्यक्त करते वन पंचायत सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष करण बोहरा।- फोटो : RISHIKESH
बसंती देवी।- फोटो : RISHIKESH
मोहल्ला चौपाल में समस्या रखते मोहित उनियाल।- फोटो : RISHIKESH