परवादून बार एसोसिएशन से जुड़े अधिवक्ताओं ने यूसीसी और रजिस्ट्री प्रक्रिया को ऑनलाइन किए जाने के विरोध में तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर ऑनलाइन व्यवस्था समाप्त करने की मांग की।
शुक्रवार को परवादून बार एसोसिएशन के अध्यक्ष फूल सिंह वर्मा के नेतृत्व में अधिवक्ता तहसील मुख्यालय पहुंचे। यहां अधिवक्ताओं ने यूसीसी और रजिस्ट्री प्रक्रिया को ऑनलाइन किए जाने के विरोध में नारेबाजी की। परवादून बार एसोसिएशन के सचिव मनोहर सिंह सैनी ने कहा कि यूसीसी के तहत शादी, वसीयत और रजिस्ट्री आदि प्रक्रिया को ऑनलाइन किया गया है। जिससे अधिवक्ता आक्रोशित हैं।
रजिस्ट्री प्रक्रिया को ऑनलाइन किए जाने के दुष्परिणाम भविष्य में सामने आएंगे। कहा कि अधिवक्ता समाज का हित सरकार के इन निर्णयों से प्रभावित हो रहा है। शादी और वसीयत जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेज इस प्रक्रिया के तहत आने से आपराधिक प्रवृत्तियों को बल मिलने की आशंका है।
अध्यक्ष फूल सिंह वर्मा ने कहा कि विरोध में अधिवक्ता न्यायिक कार्यों से पूर्णरूप से विरत रहेंगे। अधिवक्ताओं ने एसडीएम अपर्णा ढौंडियाल के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर यूसीसी और रजिस्ट्री को प्रक्रिया ऑनलाइन किए जाने की व्यवस्था को समाप्त करने की मांग की है। इस दौरान सुशील वर्मा, संदीप जोशी, महेश लोधी, सुमित कुमार, अरुण कुमार, संजय, राजीव और आशुतोष आदि मौजूद रहे।
-
विवाह पंजीकरण के लिए लगाया गया शिविर
डोईवाला। यूसीसी के तहत विवाह पंजीकरण के लिए शुक्रवार को तहसील में शिविर लगाया गया। यूसीसी के तहत 2010 के बाद विवाह करने वाले दंपतियों का पंजीकरण कराया जा रहा है। एसडीएम अपर्णा ढौंडियाल ने बताया कि शासन के निर्देशों पर कर्मचारियों के लिए विवाह पंजीकरण शिविर लगाया गया है। संवाद