चारधाम यात्रा में तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर डिस्पेंसरी खोल दी गई है। रविवार से ओपीडी शुरू होगी। वहीं विभाग की ओर से डॉक्टर्स, फार्मासिस्ट और अन्य कर्मचारियों का ड्यूटी चार्ट तैयार कर दिया गया है।
शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से ट्रांजिट कैंप स्थित डिस्पेंसरी को खोल दिया गया। पहले दिन डिस्पेंसरी में साफ सफाई की गई। सीएमओ डॉ. मनोज शर्मा ने बताया कि डिस्पेंसरी में मरीजों के लिए पांच बेड लगाए गए हैं। जरूरी दवाइयों की सूची तैयार कर ली गई है। शनिवार को सभी दवाइयां पहुंच जाएंगी। रविवार से ओपीडी शुरू की जाएगी।
उन्होंने बताया कि डिस्पेंसरी में सुबह और शाम की शिफ्ट में 17-17 स्टाफ और रात की ड्यूटी में पांच स्टाफ सेवा देंगे। सुबह और शाम की शिफ्ट में 10 कर्मचारी ट्रांजिट कैंप परिसर में तीर्थयात्रियों का ब्लड प्रेशर, शुगर, वजन आदि की जांच करेंगे।
उसके बाद वह डिस्पेंसरी में आकर दवाई ले सकेंगे। डिस्पेंसरी में चार ऑक्सीजन सिलिंडर और छह ऑक्सीजन कांस्ट्रेटर तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए उपलब्ध रहेंगे। इस अवसर पर सीएमएस डॉ. पीके चंदोला, फार्मासिस्ट विजय गौड़, फार्मासिस्ट सुनीता शास्त्री आदि उपस्थित रहे।