ढालवाला क्षेत्र में स्कूटी के दुर्घटनाग्रस्त होने से नगर पालिका मुनिकीरेती में कार्यरत संविदा कर्मी की मौत हो गई, जबकि हादसे में उसका साथी घायल हो गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर घायल को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया है।
घटनाक्रम के अनुसार शनिवार देर शाम स्कूटी पर सवार दो युवक नटराज चौक की ओर से ढालवाला की ओर आ रहे थे।
ढालवाला में पुराने आरटीओ ऑफिस को पार करते हुए हाईवे पर पहुंचे, तभी भुवनेश्वरी मंदिर के समीप स्कूटी अनियंत्रित होकर हाईवे के किनारे करीब 20 फीट नीचे बने मार्ग पर जा गिरी। बताया जा रहा कि नीचे गिरने के दौरान स्कूटी उनके ऊपर आ गई। इससे स्कूटी सवार दोनों युवकों को गंभीर चोटें आईं।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने एक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक की शिनाख्त रंजन (33) पुत्र मटरू निवासी खारास्रोत, मुनिकीरेती के रूप में कराई। पुलिस ने बताया कि मृतक नगर पालिका मुनिकीरेती में संविदा कर्मी था। जबकि, गंभीर घायल सुनील (38) पुत्र महेश निवासी खारास्रोत का उपचार चल रहा है।
उधर, हरिद्वार मार्ग पर ऑटो की टक्कर से कपिल सैनी (16) पुत्र ऋषिराम निवासी अंबेडकरनगर, हरिद्वार घायल हो गया। उसे सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां से उसे दून हायर सेंटर रेफर कर दिया।