अर्द्धकुंभ के पहले स्नान पर्व पर हरिद्वार में गंगा स्नान करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या एक लाख से ज्यादा रही। पहली बार अर्द्धकुंभ में हुए फोटोमीट्रिक पंजीकरण रिकॉर्ड के मुताबिक मकर संक्रांति पर 14 और 15 जनवरी को कुल एक लाख 12 हजार छियानबे श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई।
अर्द्धकुंभ के आगामी स्नान पर्वों पर भी श्रद्धालुओं के लिए निशुल्क फोटोमीट्रिक पंजीकरण की व्यवस्था लागू रहेगी। चारधाम यात्रा में बाहरी प्रांतों से आने वाले तीर्थयात्रियों का पंजीकरण करने वाली त्रिलोक सिक्योरिटी सिस्टम इंडिया प्रा. लि. ने अर्द्धकुंभ में श्रद्धालुुओं का फोटोमीट्रिक पंजीकरण किया।
इसके लिए कंपनी ने हरिद्वार में पंडित दीनदयाल उपाध्याय पार्किंग, गौरी शंकर सेक्टर, रेलवे स्टेशन, पंतद्वीप पार्किंग, बैरागी कैंप और बस अड्डे पर पंजीकरण की व्यवस्था की। कंपनी के राज्य प्रभारी श्रीनिवास ने बताया कि 2013 की आपदा से सबक लेते हुए चारधाम यात्रा के बाद अर्द्धकुंभ में पहली बार श्रद्धालुओं के फोटोमीट्रिक पंजीकरण की व्यवस्था की गई है।
पंजीकरण में प्रत्येक श्रद्धालु का रिकॉर्ड दर्ज रहेगा। उन्होंने बताया कि 13 जनवरी से 15 जनवरी तक हरिद्वार आने वाले 1,12,096 श्रद्धालुओं ने फोटोमीट्रिक पंजीकरण कराया है। राज्य प्रभारी ने बताया कि कुंभ के प्रत्येक स्नान से पहले फोटोमीट्रिक पंजीकरण की व्यवस्था रहेगी।