हरिपुर कलां के गीता कुटीर घाट पर नहाते हुए नौ साल का बालक गंगा की तेज बहाव में बहता चला गया। सूचना मिलने के बाद एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और बालक की तलाश के लिए सर्चिंग ऑपरेशन चलाया गया। बालक परिजनों के साथ दिल्ली से हरिद्वार घूमने आया था।
एसडीआरएफ निरीक्षक कविंद्र सजवाण ने बताया कि घटना दोपहर करीब 3ः00 बजे की है। गंगा नदी में बहे बालक की तलाश में सर्च अभियान जारी है। फिलहाल डूबे हुए बालक का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। बताया कि पटकुल, रोहिणी, दिल्ली का रहने वाला बालक कुश शर्मा (9) पुत्र मुकेश शर्मा अपने परिवार के साथ हरिद्वार घूमने आया हुआ था, जो नहाने के दौरान गंगा की धारा में बहता चला गया। इस दौरान कुश के भाई प्रियांशु शर्मा ने उसे बचाने का प्रयास किया लेकिन वह कुश को डूबने से नहीं बचा पाया। स्थानीय लोगों की तत्परता से प्रियांशु शर्मा को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। कविंद्र सजवाण ने बताया कि एसडीआरएफ की टीम की ओर से बालक की तलाश की जा रही है।