- मेले के आयोजन के लिए समाजसेवी दिनेश चमोली ने दिए 21 लाख, वेस्टर्न ग्रुप ने 20 लाख और मेयर शंभू पासवान ने 10 लाख रुपये की सहयोग राशि दी
नरेंद्रनगर। ऐतिहासिक 50वें सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले की सातवीं सांस्कृतिक संध्या में भारी जनसैलाब उमड़ा।कार्यक्रम में लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी और मशहूर डांसर दीक्षा बडोनी को सम्मानित किया गया। मंच से दर्शकों को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि गढ़रत्न नरेंद्र सिंह नेगी करीब 40-45 वर्ष पूर्व जब सूचना विभाग टिहरी गढ़वाल में कार्यरत थे, तब उनके गानों और इस कलात्मक सफर की शुरुआत इसी नरेंद्रनगर व कुंजापुरी मेलों के मंच से ही हुई थी। उन्होंने भगवान से नेगी दा के उज्ज्वल भविष्य, दीर्घायु और हमेशा स्वस्थ रहने की कामना की। उन्होंने मेले के विकास और भव्यता के लिए मंच से राशि दान दी। मेले के सफल आयोजन के लिए प्रसिद्ध समाजसेवी दिनेश चमोली ने 21 लाख की राशि दी। इसके अलावा वेस्टर्न ग्रुप की ओर से 20 लाख और ऋषिकेश मेयर शंभू पासवान की ओर से दस लाख की दान राशि दी गई। इस बड़े सहयोग के लिए उन्होंने सभी का विशेष आभार व्यक्त किया। इसके बाद जब गढ़रत्न नरेंद्र सिंह नेगी ने मंच संभाला, तो पूरा पंडाल जयकारों से गूंज उठा। इस शाम का सबसे खास पल तब आया जब मंच पर नेगी दा और उनके सुपुत्र कविलाश नेगी ने एक साथ सुर से सुर मिलाकर अपना सुपरहिट गढ़वाली गीत मेरे को पहाड़ी मत बोलो मैं देहरादून वाला हूं गाया। इसके बाद नेगी दा ने तेरो मछोई, नारंगी की दाणी हो, नौछमी नरैणा और क्या दिन क्या रात जैसे सदाबहार गीतों की प्रस्तुतियां दीं। वहीं, मशहूर डांसर दीक्षा बडोनी ने मंच पर आते ही अपने तेजतर्रार और हाई-एनर्जी स्टेप्स से दर्शकों का मन मोहा। दीक्षा ने झुमकी, मेरी पहाड़न, नखर्याली जैसे धमाकेदार गानों पर शानदार प्रस्तुति देकर पंडाल में मौजूद दर्शकों को अपनी कुर्सियों छोड़कर थिरकने पर मजबूर कर दिया।
इस अवस पर पालिकाध्यक्ष राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार, नगर पंचायत तपोवन की अध्यक्ष विनीता बिष्ट, नगर पंचायत गजा के अध्यक्ष कुंवर सिंह चौहान आदि उपस्थित रहे।