- दो साल पहले लोनिवि लैंसडौन ने किया था सर्वे
- सर्वे के बाद एक कदम आगे नहीं बढ़ा लोनिवि
संवाद न्यूज एजेंसी
ऋषिकेश। पौड़ी जिले के द्वारीखाल विकासखंड में म्वालाखाल, बागों, सिलोगी मोटरमार्ग सर्वे तक ही सीमित रह गया है। सर्वे के दो साल बीत जाने के बाद भी लोनिवि लैंसडौन की ओर से आगे कोई कार्रवाई नहीं की गई है। स्थानीय लोग भी जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन दे चुके हैं। सड़क निर्माण पर कोई कवायद नहीं हो पा रही है।
जिले कल्जीखाल विकासखंड के बांड़ियू को सिलोगी बाजार से जोड़ने के लिए स्थानीय लोगों की मांग पर लोनिवि लैंसडौन की ओर से जून 2024 में म्वालाखाल से बागों होते हुए सिलोगी बाजार तक करीब आठ किलोमीटर रोड का सर्वे किया गया था। बागों निवासी महेंद्र सेमवाल ने बताया कि इस रोड के कटने के बाद सिलोगी से सटे मल्ला ढांगू पट्टी के गांवों और डबरालस्यूं पट्टी के गांवों के लोगों को देवप्रयाग और डांडा नागराजा की यात्रा करने के लिए शार्टकट रास्ता बन जाता। बताया कि बागों गांव तक रोड कटने से गांव में रोजगार की संभावनाएं बढ़ती। गांव में होटल के निर्माण के साथ ही स्थानीय युवा अपने पैतृक मकानों को होम स्टे में रजिस्टर्ड करते। इस क्षेत्र की जलवायु पर्यटन उद्योग के लिए काफी अच्छी है। वरगड्डी के ग्राम प्रधान विकास चंद्र जुगरान ने बताया कि पुल्यासू, उतिंडा, वरगड्डी और ठांगर के ग्राम प्रधानों की ओर से स्थानीय विधायक रेनू बिष्ट को भी ज्ञापन भेजा गया है। उम्मीद है कि ज्ञापन पर कार्रवाई होगी।
कोट-
सिलोगी क्षेत्र में म्वालाखाल, बागों, सिलोगी मोटरमार्ग की सर्वे के बाद आगे क्या कार्रवाई हुई इस बारे में संबंधित क्षेत्र अभियंताओं से जानकारी जुटाई जाएगी। जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। विवेक कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता, लोनिवि लैंसडौन
-