- 14 बीघा और ढालवाला में खराब मीटर व अनियमित बिलों की शिकायत, एक सप्ताह का अल्टीमेटम
- कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी
ढालवाला। 14 बीघा और ढालवाला क्षेत्र में पेयजल बिलों में कथित अनियमितता और खराब मीटरों की शिकायतों को लेकर नगर पालिका मुनि की रेती ने पेयजल निगम के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पालिका अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण के नेतृत्व में सभासदों और स्थानीय लोगों ने पेयजल निगम देहरादून के अधिकारियों के साथ बैठक कर उपभोक्ताओं की समस्याएं उठाईं। जनप्रतिनिधियों ने बिलों की गड़बड़ी दूर करने और खराब मीटरों का स्थायी समाधान करने के लिए निगम को एक सप्ताह का समय दिया है। समय सीमा में कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई है।
बैठक में जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में कई उपभोक्ताओं को अनियमित पेयजल बिल मिल रहे हैं, जबकि कई स्थानों पर मीटर खराब होने के कारण उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस दौरान पेयजल निगम के अधिकारियों के समक्ष समस्याओं को लेकर तीखी नाराजगी जताई गई।
बैठक के बाद पालिका अध्यक्ष, सभासदों और स्थानीय लोगों की ओर से अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में पेयजल बिलों की गड़बड़ी को दूर करने के साथ ही खराब मीटरों की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की गई। जनप्रतिनिधियों ने खराब मीटरों को निगम कार्यालय में जमा कराने की चेतावनी भी दी गई। पालिका अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने कहा कि उपभोक्ताओं को अनियमित बिलों और खराब मीटरों की समस्या से राहत दिलाना पालिका की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग को उपभोक्ताओं की शिकायतों का जल्द समाधान करना चाहिए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े।
बैठक में सभासद गजेंद्र सिंह सजवाण, लक्ष्मण भंडारी, विनोद सकलानी, स्वाति पोखरियाल, अजय रमोला, सचिन पैन्यूली और अरविंद नेगी समेत कई स्थानीय लोग मौजूद रहे।