मॉक ड्रिल: सुसवा नदी में फंसे 9 लोगों को बचाया
आपदा से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए प्रशासन की संयुक्त टीम ने किया अभ्यास
संवाद न्यूज एजेंसी
डोईवाला। संभावित आपदा से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए प्रशासन की संयुक्त टीम ने नागल-ज्वालापुर दूधली क्षेत्र में व्यापक मॉक ड्रिल की। मॉक ड्रिल के दौरान 150 मिलीमीटर वर्षा की काल्पनिक स्थिति बनाई गई, जिसमें सुसवा नदी में नौ लोगों के फंसने का परिदृश्य तैयार किया गया था।
बृहस्पतिवार को सूचना मिलते ही उपजिलाधिकारी अपर्णा ढौंडियाल के नेतृत्व में प्रशासन, लोक निर्माण विभाग, एसडीआरएफ और स्वास्थ्य विभाग के अलावा गांव के तमाम लोग मौके पर पहुंचे। भारी पानी के कारण सुसवा नदी में नौ लोग बुरी तरह से फंस चुके थे। तत्काल सभी विभागों ने आपसी समन्वय के साथ तेजी से रेस्क्यू अभियान को शुरू किया।
नदी में फंसे सभी नौ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया। मॉक ड्रिल के दौरान राहत और बचाव कार्य की गति, विभिन्न विभागों के बीच समन्वय और आपदा प्रबंधन की तैयारियों का भी आकलन किया गया। अभियान के सफल संचालन के बाद उपजिलाधिकारी अपर्णा ढौंडियाल ने कहा कि सभी विभागों के बीच बेहतरीन तालमेल देखने को मिला। संवाद