कोटद्वार के ध्यानार्थ...
फोटो-
दो साल पहले भी करंट से मरे थे दो खच्चर, अब तक नहीं मिला पीड़ित को मुआवजा
संवाद न्यूज एजेंसी
ऋषिकेश। ग्राम पंचायत सिंदुड़ी के तोक बैरागढ़ गांव में बिजली का करंट लगने से एक दुधारू गाय की मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर पहुंचे पशु चिकित्सक ने गाय का पोस्टमार्टम किया।
पूर्व प्रधान अरुण जुगलान ने बताया कि घटना 1 जुलाई दोपहर करीब 12 बजे की है। सुमित्रा देवी पत्नी गोपाल सिंह की गाय गांव के पास बिजली के खंभे के नजदीक घास चर रही थी। तभी वह खंभे के अर्थिंग तार से टकरा गई और करंट लगने से मौके पर ही गिर पड़ी।
ग्रामीणों का आरोप है कि ऊर्जा निगम कोटद्वार की लापरवाही से यह हादसा हुआ। करीब दो साल पहले भी गांव में कमल सिंह के दो खच्चर ऐसे ही करंट लगने से मर गए थे, लेकिन पीड़ित परिवार को आज तक मुआवजा नहीं मिला। ग्राम प्रधान संतोषी देवी, सत्यपाल, गोपाल सिंह, विशाल सिंह, जशोदा जुगलान, आनंदी देवी, अमित बडोला, सुरेंद्र ने कहा कि विभाग बिजली बिल न जमा करने पर तुरंत कनेक्शन काट देता है, पर हादसों में मुआवजा देने में सालों लगा देता है।
आक्रोशित ग्रामीणों ने ऊर्जा निगम से पीड़ित परिवार को जल्द उचित मुआवजा देने की मांग की है। चेतावनी दी कि यदि शीघ्र भुगतान नहीं हुआ तो विभाग के खिलाफ उग्र आंदोलन किया जाएगा।
-
कोट
मामला संज्ञान में है। विभागीय स्तर पर इसकी प्रक्रिया चल रही है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद पीड़ित को मुआवजा दिया जाएगा। जिन लोगों को पहले मुआवजा नहीं मिला है वे भी विभागीय प्रक्रिया पूरी कर लें। - नंदिता अग्रवाल, अधिशासी अभियंता, ऊर्जा निगम कोटद्वार