थाना लक्ष्मणझूला क्षेत्र के सिंगटाली झूला पुल के पास रविवार को गंगा में स्नान के दौरान मेरठ की एक महिला और एक पुरुष तेज बहाव में बह गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस व एसडीआरएफ को सूचना दी। सर्च ऑपरेशन जारी है।
बृहस्पतिवार को मेरठ से आए छह लोगों का समूह सिंगटाली बाजार में कार पार्क कर झूला पुल पार कर गंगा किनारे स्नान करने पहुंचा था। इसी दौरान नदी में नहाते समय एक महिला और एक पुरुष का संतुलन बिगड़ गया। वे तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए।
विज्ञापन
सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की ढालवाला और ब्यासी टीम मौके पर पहुंची। टीमों ने तुरंत सर्च अभियान शुरू किया। एसडीआरएफ निरीक्षक कविंद्र सजवाण ने बताया कि विशेष गोताखोरों की मदद से नदी की गहराइयों में लगातार तलाश की जा रही है। हालांकि, देर शाम तक दोनों का कोई सुराग नहीं मिल पाया।
एसडीआरएफ निरीक्षक कविंद्र सजवाण ने बताया कि गंगा में बहने वालों की पहचान ऋतु (30) पत्नी वांशिक माहेश्वरी निवासी मेरठ और नरेश उपाध्याय (42) निवासी जागेठी गांव, थाना कंकरखेड़ा, मेरठ के रूप में हुई हैं। सभी लोग मेरठ स्थित दास हुंडई शोरूम में कार्यरत थे। वे छुट्टी होने के कारण ऋषिकेश घूमने आए थे। घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है।