आगामी कांवड़ मेले को लेकर तीर्थनगरी के बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है। कांवड़ यात्रा पर आने वाले शिवभक्तों की सुविधा और पसंद को ध्यान में रखते हुए दुकानदारों ने विभिन्न प्रकार की धार्मिक सामग्री, शिव प्रतिमाएं, रुद्राक्ष, शिवलिंग और पूजन सामग्री का विशेष स्टॉक सजाना शुरू कर दिया है।
घाट रोड के व्यापारी संजय कोहली और यश कोहली ने बताया कि इस वर्ष शिवभक्तों के लिए नए डिजाइनों की आदियोगी शिव प्रतिमाएं, सुनहरे रंग के रुद्राक्ष मोतियों से सजे त्रिशूल और आकर्षक धार्मिक सामग्री उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने बताया कि आदियोगी शिव की प्रतिमा और रुद्राक्ष जड़े त्रिशूल की सबसे अधिक मांग देखने को मिल रही है।
उन्होंने बताया कि नर्मदा नदी से प्राप्त प्राकृतिक शिवलिंग आकृति वाले नर्मदेश्वर पत्थर भी श्रद्धालुओं को खूब आकर्षित कर रहे हैं। ब्रास स्टैंड पर लगाए गए ये पत्थर श्रद्धालुओं की पहली पसंद बन रहे हैं। इसके साथ ही चमचमाते कांच के शिवलिंगों की भी अच्छी मांग है। इनकी कीमत 100 रुपये से लेकर 500 रुपये तक है।
व्यापारियों के अनुसार नीलकंठ महादेव की यात्रा पर आने वाले शिवभक्त रुद्राक्ष की मालाएं, रुद्राक्ष ब्रेसलेट, शिव महापुराण और शिव कथा से संबंधित पुस्तकों की भी जमकर खरीदारी कर रहे हैं। कांवड़ मेले के चलते आने वाले दिनों में बाजारों में और अधिक भीड़ के साथ-साथ कारोबार बढ़ने की उम्मीद है।