- पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर वीरभद्र मंदिर के पीछे जंगल जाने वाले रास्ते से पकड़ा
ऋषिकेश। बच्चे के साथ छेड़खानी और दुष्कर्म की कोशिश करने के आरोप में ऋषिकेश कोतवाली पुलिस ने नामजद आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की गिरफ्तारी वीरभद्र मंदिर के पीछे साईं घाट की ओर जाने वाले रास्ते से की गई।
बीते सोमवार को वीरपुर खुर्द, नेहरूग्राम निवासी एक महिला ने कोतवाली ऋषिकेश में तहरीर दर्ज कराई। महिला ने आरोप लगाया कि रोहित नाम के युवक ने उनके सात वर्षीय पुत्र के साथ छेड़खानी करते हुए गलत हरकत की और दुष्कर्म की कोशिश की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध पॉक्सो अधिनियम सहित संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम आईडीपीएल क्षेत्र में तलाश कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि नामजद आरोपी वीरभद्र मंदिर के पीछे जंगल की ओर साईं घाट जाने वाले रास्ते पर खड़ा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। आरोपी की पहचान रोहित (23) निवासी ग्राम राजपुर खुर्द, लक्सर, हरिद्वार के रूप में हुई है। वह वर्तमान में वीरपुर खुर्द की विस्थापित कॉलोनी में रह रहा था। कोतवाल यशपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।