बारिश के बाद बदहाल हुई मुख्य सड़कें गड्ढों और बिखरी बजरी से हादसे का खतरा
ऋषिकेश। बरसात खत्म होने के बाद तीर्थनगरी की मुख्य सड़कों की बदहाली सामने आने लगी है। इंद्रमणि बडोनी चौक से गौरा देवी चौक और योगनगरी रेलवे स्टेशन तक जगह-जगह सड़क पर गहरे गड्ढे बन गए हैं। कई स्थानों पर डामर की बजरी उखड़कर सड़क पर बिखरी पड़ी है। इससे दोपहिया वाहन चालकों के लिए हादसे का खतरा बना हुआ है। बारिश के बाद गड्ढों में पानी भरने से इनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता जिससे समस्या और बढ़ गई है।
ढालवाला, तपोवन और गंगोत्री मार्ग से हरिद्वार की ओर जाने वाले वाहन चालकों को भी बदहाल सड़कों से होकर गुजरना पड़ रहा है। शहर में रोजाना बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों के साथ पर्यटक और श्रद्धालु आवाजाही करते हैं। स्थानीय दुकानदार संजय ने बताया कि देहरादून रोड पर सार्वजनिक शौचालय के समीप मोड़ पर पिछले कई महीनों से गड्ढा बना हुआ है। बारिश होने पर इसमें पानी भर जाता है। सड़क किनारे बस का इंतजार करने वाले यात्रियों के लिए यह परेशानी का कारण बन गया है। वाहनों के गड्ढे से गुजरने पर पानी के छींटे यात्रियों पर पड़ते हैं।
ट्रक धंसने के बाद भरा गड्ढा, आसपास अब भी बदहाल
गौरा देवी चौक पर कुछ दिन पहले एक ट्रक सड़क में धंस गया था। इसके बाद विभागीय स्तर पर गड्ढे को भरकर उसके ऊपर इंटरलॉकिंग टाइल्स लगा दी गईं, लेकिन आसपास की सड़क की स्थिति अब भी खराब है। सड़क पर जगह-जगह टूट-फूट और बजरी बिखरी होने से वाहन चालकों को सावधानी से गुजरना पड़ रहा है।
- बरसात खत्म होने पर गौरादेवी चौक बाईपास मार्ग पर कुंभ मेले की बजट से सड़क निर्माण कार्य का निमार्ण किया जाएगा।-राजेश चौहान, सहायक अभियंता, लोनिवि।