सोमवती अमावस्या पर्व पर तीर्थनगरी में हजारों श्रद्धालुओं ने मोक्षदायिनी में पुण्य की डुबकी लगाई और पितरों को तर्पण दिया। इस मौके पर उन्होंने गरीबों, ब्राह्मणों को दान देकर धर्म कमाया।
सोमवार को सोमवती अमावस्या पर्व विशेष पर विभिन्न गंगाघाटों, तटों पर ब्रह्ममुहूर्त से ही श्रद्धालुओं की भीड़भाड़ जुटने लगी थी। इस दौरान त्रिवेणीघाट, मुनिकीरेती, स्वर्गाश्रम, लक्ष्मणझूला, तपोवन आदि क्षेत्रों में हजारों स्थानीय और बाहरी प्रांतों से जुटे श्रद्धालुओं ने स्नान किया।
पर्व स्नान के लिए काफी संख्या में आसपास के पर्वतीय क्षेत्र से भी श्रद्धालु तीर्थनगरी पहुंचे। इस मौके पर उन्होंने पवित्र डुबकी लगाई और पितृों को तर्पण दिया। पर्व के मौके पर लोगों ने ब्राह्मणों, गरीबों को दान दिया और भगवान से पुनर्जन्म से मुक्ति के निमित्त प्रार्थना की।
सोमवती अमावस्या पर गंगातटों पर तड़के से दोपहर बाद तक स्नान, दान, पूजन और तर्पण का सिलसिला चलता रहा। लायंस क्लब की ओर त्रिवेणी घाट पर श्रद्धालुओं के लिए भोज का आयोजन किया गया।