खैरीखुर्द में हाईवे के समीप बीती मंगलवार रात को चोरों ने दो गोदामों का ताला तोड़ दिया। दुकानदार ने बताया कि चोर गल्ले में रखे 16 हजार रुपये निकाल ले गये। इस संबंध में दुकानदार ने रायवाला पुलिस को तहरीर दी है।
खैरीखुर्द में हाईवे के पास सब्बल सिंह राणा के दो गोदाम हैं। वह कोल्ड्रिंक्स की सप्लाई करते हैं। बीती मंगलवार रात्रि को वह दोनों गोदामों में ताला लगा कर घर चले गए थे। बुधवार को जब दुकान खोलने आए तो दोनों गोदामों के ताले आरी से कटे हुए मिले। साथ में कुछ औजार भी पडे़ थे। दुकानदार ने बताया कि चोर गल्ले में रखे 16 हजार रुपये ले गए। इस संबंध में दुकानदार ने रायवाला पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। भाजपा नेता गंभीर सिंह राणा ने कहा है कि पुलिस प्रशासन को क्षेत्र में गश्त तेज करनी चाहिए। हाईवे पर ही दुकान का ताला तोड़ने से साफ है कि चोरों में कोई खौफ नहीं है। उन्होंने चोरों को जल्द से जल्द पकड़ने की मांग की है।