संवाद न्यूज एजेंसी
यमकेश्वर। अमगड्डी गांव में गुलदार की दहशत कम होने का नाम नहीं ले रही। वन विभाग को सूचना के बाद भी अधिकारी गांव में आने को तैयार नहीं हैं। 30 मई रात करीब आठ बजे रोशनलाल के कुत्ते को गुलदार उठा ले गया था।
रोशन लाल ने बताया कि अंधेरा होते ही सभी लोग छत पर बैठे थे। आंखों के सामने ही गुलदार आ धमका और पास में लेटे कुत्ते को ले गया। जब तक वह कुछ समझ पाते गुलदार कुत्ते को जंगल में ले जा चुका था। अमगड्डी गांव में सभी परिवार पशु पालन करते हैं। पशु पालन से ही आजीविका चलाते हैं। लेकिन क्षेत्र में गुलदार की मौजूदगी से ग्रामीण दहशत में हैं। दो माह पूर्व गुलदार ने एक गाय को बुरी तरह घायल कर दिया था। ऐसे में लोग अब जंगल जाने से भी डर रहे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से गुलदार को पकड़ने की मांग की है। वहीं, लालढांग रेंज के वन क्षेत्राधिकारी विपिन चंद्र जोशी ने बताया कि टीम को अमगड्डी गांव में भेजा जा रहा है। पिंजरा लगाने के लिए शासन से अनुमति लेनी होती है। जांच के उपरांत ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।