पशु लोक बैराज मार्ग पर एम्स के पास एक तेज रफ्तार बाइक सड़क पार कर रहे दो भैंसों से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार राफ्ट गाइड की अस्पताल और दोनों भैंसों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जबकि दूसरे युवक को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया है।
कोतवाली पुलिस के मुताबिक बीते शनिवार देर रात एक तेज रफ्तार बाइक ऋषिकेश से बैराज की ओर जा रही थी, इसी बीच पशु लोक बैराज मार्ग पर एम्स के समीप सड़क पार कर रही गुर्जरों की भैंस से टक्कर हो गई। तेज रफ्तार के चलते टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों बाइक सवार गंभीर घायल हो गए।
जबकि हादसे में दोनों भैंसों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने 108 आपातकालीन सेवा से घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने एक को मृत घोषित कर दिया। मृतक की शिनाख्त अमित उर्फ सोनू खुराना (40) पुत्र अर्जुन निवासी जाटव रोड, करनाल हरियाणा के रुप में कराई। जबकि गंभीर घायल वीर नरेंद्र सिंह (25) निवासी दिल्ली को दून हायर सेंटर रेफर कर दिया।
कोतवाली प्रभारी नत्थीलाल उनियाल ने बताया कि हादसे में मृत शिवपुरी में राफ्टिंग गाइड का कार्य करता था, जो पिछले कई सालों से पत्नी और बच्चों के साथ रह रहा था। सूचना पर रविवार सुबह परिजन करनाल से पहुंचे। पोस्टमार्टम के बाद शव उन्हें सौंप दिया। बताया कि हादसे की वजह तेज रफ्तार है।
छत से गिरा स्कूल बस चालक, मौत
चौदह बीघा क्षेत्र में एक स्कूल बस चालक की छत की रेलिंग से नीचे गिरकर मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया है। श्यामपुर स्थित एनडीएस स्कूल के प्राइवेट बस चालक विनोद प्रसाद रतूड़ी (50) पुत्र स्व. सुंदरलाल निवासी हिंडोलाखाल, देवप्रयाग, टिहरी गढ़वाल पत्नी और तीन बच्चों के साथ चौदह बीघा में किराए के मकान पर दूसरी मंजिल में रहते थे।
पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक शनिवार देर रात खांसी होने पर कमरे से बाहर निकले और छत की रेलिंग के सहारे खड़े हो गए, तभी उनका संतुलन बिगड़ गया और रेलिंग से नीचे जमीन पर जा गिरे। गिरने की आवाज सुनकर परिजन नीचे आए और लहूलुहान हालत में सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद परिजनों में मातम छा गया।