उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा में बाहरी प्रांतों से आने वाले तीर्थयात्री घर बैठे बदरीनाथ धाम के लिए राज्य परिवहन निगम की बस ऑनलाइन बुक करा सकेंगे। निगम चारधाम यात्रा में नियमित 20 वाहन सेवा सीधे बदरीनाथ के लिए शुरू करेगा। इस सुविधा से यात्रा के दौरान निजी वाहनों की कमी पड़ने पर तीर्थयात्रियों को परेशानी नहीं झेलनी पड़ेगी।
राज्य परिवहन निगम ने चारधाम यात्रा की तैयारियों को अमलीजामा पहनाना शुरू कर दिया है। बाहरी प्रांतों से यात्रा के लिए उत्तराखंड आने वाले तीर्थयात्रियों को परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए बदरीनाथ धाम के लिए ऋषिकेश से सीधी बस सेवा शुरू करेगा।
रोडवेज डिपो के सहायक महाप्रबंधक नेतराम ने बताया कि तीर्थयात्री बदरीनाथ के लिए कहीं से भी राज्य परिवहन निगम की वेबसाइड डब्ल्यू डब्ल्यू डब्ल्यू.यूटीसी ऑनलाइन.यूके.जीओवी.इन पर वाहन की बुकिंग करा सकते हैं। यात्री दल के स्थानीय रोडवेज बस अड्डे में पहुंचने पर वाहन उपलब्ध करा दिया जाएगा।
इस सुविधा से तीर्थयात्रियों को यात्रा के चरम के दौरान प्राइवेट वाहनों की कमी से असुविधा नहीं होगी। बदरीनाथ के लिए प्रतियात्री सीट बुक कराने की भी व्यवस्था रहेगी। रोडवेज डिपो के सहायक प्रबंधक नेतराम ने बताया कि चारधाम यात्रा के लिए राज्य परिवहन निगम ने ऋषिकेश डिपो को अतिरिक्त 50 बसें उपलब्ध कराई है। बदरीनाथ के लिए छह मई से नियमित बस सेवा शुरू की जाएगी। गंगोत्री, यमुनोत्री और केदारनाथ धाम की डिमांड मिलने पर यहां के लिए वाहन तीर्थयात्रियों को उपलब्ध कराया जाएगा।