जूना पीठाधीश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरी से मुलाकात करते ढांगू विकास समिति के सदस्य।
- फोटो : RISHIKESH
ऋषिकेश। ढांगू विकास समिति के सदस्यों ने हरिद्वार में जूना अखाड़ा के पीठाधीश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरी महाराज से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने स्वामी से सिंगटाली में मोटरपुल निर्माण कार्य शुरू करने की मांग की। स्वामी ने आश्वासन दिया कि वह मोटरपुल को रद्द करने के पुराने आदेश को निरस्त कराने को लेकर शासन में वार्ता करेंगे।
शनिवार को ढांगू विकास समिति के अध्यक्ष उदय सिंह नेगी ने हरिद्वार में स्वामी अवधेशानंद गिरी महाराज को बताया कि देहरादून से रामनगर (नैनीताल)को जोड़ने के लिए सिंगटाली में 270 मीटर लंबा मोटरपुल बनाया जा रहा था। इस मोटरपुल के निर्माण होने से पौड़ी गढ़वाल जिले के सात विकासखंडों के करीब एक हजार गांवों को फायदा होता। ढांगूगढ़ (यमकेश्वर) से ब्यासघाट (कोट ब्लॉक) तक 21 किलोमीटर मोटर रोड पहले की कट चुकी है। जून 2019 में एक एनजीओ की मांग पर शासन ने इस पुल का काम रोक कर इसे निरस्त कर दिया था। 20 मार्च 2020 को एनजीओ की जमीन पर म्यूजियम का उद्घाटन किया गया था। आप भी उद्घाटन के अवसर पर शामिल थे। स्वामी ने कहा कि जब वह सिंगटाली में एक एनजीओ के कार्यक्रम में भाग लेने गए थे वह एनजीओ ने उन्हें निमंत्रण दिया था। वह एनजीओ के सदस्य को पहले से नहीं जानते थे। स्वामी ने समिति के सदस्यों को आश्वासन दिया कि वह विकास विरोधी नहीं है। उनकी ओर से सिंगटाली में मोटरपुल निर्माण में किसी प्रकार का रोड़ा नहीं लगाया जा रहा है। यदि शासन की ओर से सिंगटाली में पुल का निर्माण रोका गया है तो, यह गलत है। वह ढांगू और यमकेश्वर की जनता के साथ हैं। मुलाकात करने वालों में विकास समिति के अध्यक्ष उदय सिंह नेगी, प्रशांत मैठाणी किशोर राव आदि उपस्थित थे।