बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्रक खराब होने से करीब चार घंटे तक हाईवे पर जाम लग गया। इस बीच राजमार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। लंबे जाम में फंसे राहगीरों और सैलानियों को फजीहत झेलनी पड़ी। परेशानी को देखते हुए पुलिस ने हाईवे के एक ओर से ट्रैफिक रोक कर किसी तरह आवागमन सुचारू कराया।
घंटों तक कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस को क्रेन की मदद से ट्रक किनारे लगाने में कामयाबी मिली। तब जाकर जाम खुल सका और लोगों ने राहत की सांस ली। बुधवार को दोपहर लगभग 12 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग पर सत्यनारायण मंदिर के समीप एक ट्रक का पहिया निकलने से वाहन हाईवे के बीचोंबीच खड़ा हो गया।
देखते ही देखते राजमार्ग दोनों ओर वाहनों की लाइन लग गई और हाईवे पर जाम की स्थिति पैदा हो गई। मौके पर पहुंची रायवाला पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद क्रेन और जेसीबी की मदद से ट्रक को हाईवे के किनारे लगाया। इसके बाद मार्ग पर यातायात सुचारू हो सका।
इस दौरान सैकड़ों वाहनों में हजारों राहगीर चार घंटे से अधिक समय तक जाम में फंसे रहे। परेशान लोगों को घंटों बैठकर यातायात सुचारू होने का इंतजार करना पड़ा। जाम के कारण रायवाला मुख्य बाजार तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। इससे आसपास के लोग भी परेशान रहे।
थानाध्यक्ष प्रदीप चौहान ने बताया कि जाम से निजात के लिए ट्रैफिक को नेपाली फार्म तिराहे से चीला की ओर डायवर्ट किया गया। हरिद्वार की ओर से आने वाले ट्रैफिक को कतारबद्ध कर बिना किसी परेशानी के संचालित किया गया।
न वीकेंड, न स्नान, फिर भी जाम
नेशनल हाईवे के निर्माण में जुटी कार्यदायी संस्था की सुस्ती अर्द्धकुंभ मेले के दौरान लाखों श्रद्धालुओं पर भारी पड़ सकती है। कुंभ के मद्देनजर मोतीचूर फाटक से वैदिक नगर तक बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग को टू-लेन बनाकर कार्य रोक दिया गया।
जबकि, हाईवे पर मोतीचूर फाटक के सूखी नदी पुल और वैदिकनगर के रेलवे ओवर ब्रिज से लेकर नेपाली फार्म तिराहे तक सिंगल लेन के चलते कुंभ मेले के दौरान ट्रैफिक दबाव के चलते यातायात सुचारू रखना कुंभ प्रशासन और पुलिस के लिए चुनौती साबित हो सकता है।
बुधवार को हाईवे पर वीकेंड और स्नान पर्व नहीं होने के बावजूद ट्रक खराब होने से बिगड़ी यातायात व्यवस्था ने कुंभ मेले की ट्रैफिक व्यवस्था की तैयारियों की पोल खोलकर रख दी है। ऐसे में अगर कुंभ मेला प्रशासन और पुलिस ने सिंगल लेन मार्ग पर आ रही इस तरह की दिक्कतों से समय रहते वैकल्पिक मार्ग की तलाश नहीं की तो हरिद्वार कुंभ स्नान के लिए आने वाले लाखों यात्रियों को अगले चार महीनों तक परेशान होना पड़ सकता है।
कारण, कुंभ स्नान के लिए हिमाचल, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और यूपी आदि राज्यों से नेपाली फार्म तिराहा होते हुए काफी संख्या में तीर्थयात्री निजी वाहनों से हरिद्वार पहुंचते हैं। लिहाजा इनके लिए ठोस इंतजाम नहीं हुए तो कुंभ के दौरान हाईवे के इस पैच में जाम की समस्या आम हो सकती है।