चाट वाली गली के लोग परेशान, दुर्घटनाओं का डर
संवाद न्यूज एजेंसी
ऋषिकेश। मुखर्जी मार्ग स्थित सिंधी धर्मशाला के समीप चाट वाली गली में नगर निगम की ओर से एक वर्ष पूर्व बिछाई गई इंटरलॉकिंग टाइल्स पहली ही बरसात में धंस गई हैं। सड़क पर बने गहरे गड्ढों से राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को रोजाना दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।
स्थानीय दुकानदार पंकज आत्रे ने बताया कि पिछले वर्ष नगर निगम ने बाजार क्षेत्र में सड़क निर्माण कराया था। अन्य स्थानों पर डामरीकरण किया गया, जबकि इस गली में इंटरलॉकिंग टाइल्स बिछाई गईं। पहली ही बारिश में टाइल्स धंसने से सड़क जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गई।
कई दोपहिया वाहन चालक गड्ढों में गिरकर चोटिल हो चुके हैं, जबकि सड़क संकरी होने से अक्सर जाम की स्थिति भी बन रही है। दुकानदारों ने कहा कि समस्या केवल इंटरलॉकिंग तक सीमित नहीं है। कुछ दूरी पर सीवर चैंबर के आसपास भी सड़क धंसने से बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई है।
कई बार जनप्रतिनिधियों और नगर निगम को शिकायत की गई, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है। स्थानीय पार्षद रीना शर्मा ने बताया कि सड़क की मरम्मत के लिए नगर निगम को लिखा गया है, जल्द ही मरम्मत कार्य शुरू कराने का प्रयास किया जा रहा है।
-
- अधिकारियों को निर्देशित कर दिया गया है। मौके पर निरीक्षण कराया जाएगा और जल्द ही सड़क को गड्ढा मुक्त किया जाएगा। - शंभू पासवान, मेयर नगर निगम