थाना मुनि की रेती में क्षेत्र के होटल संचालकों, स्वामियों व राफ्टिंग संचालकों की गोष्ठी आयोजित की गई। जिसमें थाना प्रभारी निरीक्षक रितेश साह ने सुरक्षा की दृष्टि से सभी को उचित दिशा-निर्देश दिए। साथ ही नियमों का पालन करने के संबंध में सख्त हिदायत दी।
बृहस्पतिवार को गोष्ठी में प्रभारी निरीक्षक ने कहा कि थाना क्षेत्र के सभी होटल संचालक व स्वामी अपने होटल में सीसीटीवी कैमरा लगाए जाने की जानकारी देंगे। होटल में काम करने वाले सभी कर्मचारियों का सत्यापन कराना होगा। होटल में आने वाले गेस्ट की संपूर्ण जानकारी विजिटर रजिस्टर में अंकित करना अनिवार्य है।
होटल में आने वाले विदेशियों की सूचना (फाॅर्म-सी) समय से स्थानीय अभिसूचना इकाई व पुलिस को अवगत कराएं। होटल संचालकों को होटल में मादक पदार्थों का सेवन व अवैध गतिविधियों की जानकारी देनी होगी। किसी होटल में कोई घटना होने पर तत्काल सूचना दें।
राफ्टिंग संचालकों को राफ्ट की सूची व कर्मचारियों का विवरण उपलब्ध कराना आवश्यक है। राफ्टिंग गाइड और हेल्पर का शत प्रतिशत सत्यापन कराएं। उन्होंने राफ्ट संचालन के समय गाइडों व हेल्परों को मादक द्रव्यों का सेवन नहीं करने की हिदायत दी। राफ्टिंग संचालकों को प्रशिक्षित गाइड व हेल्पर को ही रखने को कहा।
राफ्टिंग के प्रारंभिक बिंदु व अंतिम बिंदु से पुलिस को अवगत कराएं। वहीं निर्माणधीन होटल में कार्यरत ठेकेदार व मजदूरों का सत्यापन कराना भी आवश्यक होगा। कहा कि नियमों का पालन नहीं करने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर होटल एसोसिएशन व राफ्टिंग संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।