राफ्टिंग के दौरान तैरती राफ्ट में हाथ से अचानक रस्सी छूटने पर गंगा में गिर गया। लाइफ जैकेट खुलने से पर्यटक गंगा में ओझल गया। हादसे के बाद पुलिस ने रेस्क्यू किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
लक्ष्मणझूला थाना पुलिस के मुताबिक बृहस्पतिवार दोपहर राफ्ट में सवार पर्यटकों का एक दल फूलचट्टी से लक्ष्मणझूला की ओर आ रहा था। गरूड़चट्टी के पास गंगा में उफन रही लहरों पर राफ्ट में सवार नितेश (24) पुत्र राधेश्याम निवासी 80 रोड, शिवाशनगर, आसाम का संतुलन बिगड़ गया और हाथ से राफ्ट की रस्सी छूटने पर वह नदी में जा गिरा।
नदी में गिरते ही उसकी लाइफ जैकेट भी खुल गई। घटना होते देख साथी पर्यटक चीखे चिल्लाए। राफ्टिंग गाइड ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन नितेश गहरे पानी में ओझल हो गया। सूचना पर जल पुलिस के जवान देर शाम तक खोजबीन करते रहे, लेकिन गंगा का जलस्तर बढ़ने से पानी में लापता पर्यटक का सुराग नहीं लग पाया। लक्ष्मणझूला थाना प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि पर्यटक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। नदी में डूबे पर्यटक का आसाम में हार्डवेयर का कारोबार है। बताया कि वह दोस्त और उसके परिवार के साथ यहां घूमने आया था। राफ्ट में गाइड सहित आठ लोग सवार थे।