- एमडीडीए की कार्रवाई से अवैध प्लॉटिंग करने वालों में मचा हड़कंप, रायवाला और हरिपुरकलां में कार्रवाई
ऋषिकेश। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध प्लॉटिंग और बिना मानचित्र स्वीकृति के किए जा रहे निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई की है। प्राधिकरण की टीम ने ऋषिकेश क्षेत्र में एक स्थान पर करीब पांच बीघा भूमि पर की जा रही अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया जबकि दो अन्य स्थानों पर अनधिकृत निर्माणों को सील किया है। प्राधिकरण की इस कार्रवाई से नियमों को ताक पर रखकर निर्माण और प्लॉटिंग करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।
एमडीडीए की ओर से मंगलवार को रायवाला निवासी प्रेमदत्त जोशी की ओर से करीब पांच बीघा भूमि पर तलपट मानचित्र स्वीकृत कराए बिना प्लॉटिंग की जा रही थी। जांच में अनियमितता सामने आने पर प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया। इसके अलावा प्राधिकरण ने दो अन्य स्थानों पर भी कार्रवाई की। हरिपुरकलां की गली नंबर पांच में कपिल मदान की ओर से किए जा रहे निर्माण को सील कर दिया गया। वहीं, हरिद्वार रोड पर पंजाब नेशनल बैंक के निकट रायवाला में तुषार नरूला के निर्माण पर भी सीलिंग की कार्रवाई की गई। अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ कार्रवाई के बीच प्राधिकरण ने जमीन खरीदने वालों के लिए भी सतर्कता बरतने की अपील की है। बिना स्वीकृत लेआउट के विकसित की गई कॉलोनियों में भूखंड खरीदने पर भविष्य में निर्माण की अनुमति और बुनियादी सुविधाओं को लेकर परेशानी हो सकती है। ऐसे में भूखंड खरीदने से पहले भूमि के स्वामित्व संबंधी दस्तावेजों के साथ प्राधिकरण से स्वीकृत मानचित्र और लेआउट की जांच करना जरूरी है। इस मामले में एमडीडीए के सहायक अभियंता अभिषेक भारद्वाज ने बताया कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध प्लॉटिंग और बिना स्वीकृत मानचित्र के किए जा रहे निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। इसका उद्देश्य क्षेत्र में नियोजित विकास सुनिश्चित करना और नियमों के विपरीत हो रही गतिविधियों पर अंकुश लगाना है।