यमकेश्वर विकासखंड के घट्टूगाड, रत्तापानी, फूलचट्टी में होटल, रिजॉर्ट और कैंप संचालकों ने पार्क के बफर जोन में बिना अनुमति के ही सड़कें काट दी हैं। पार्क प्रशासन की ओर से कार्रवाई न किए जाने से आए सड़क काटने का सिलसिला जारी है। घट्टूगाड-सिलोगी मोटर मार्ग से कैंपों तक जाने के लिए संपर्क मार्ग बनाने के लिए लोनिवि से किसी प्रकार की अनुमति नहीं ली जा रही है।
क्षेत्र में माला, मराल और पलेल गांव की बीट राजाजी टाइगर रिजर्व के बफर जोन आती है। बफर जोन में किसी प्रकार का निर्माण कार्य नहीं हो सकता। लेकिन यहां खुलेआम सड़क काटी जा रही हैं। जिससे पार्क प्रशासन और लोनिवि दुगड्डा की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। बफर जोन में छह से अधिक स्थानों पर सड़कें काटी गई हैं।
स्थानीय निवासी शांति प्रसाद भट्ट ने कहा कि पार्क के बफर क्षेत्र में नियम विरुद्ध सड़कें काटी जा रही है। लेकिन कार्रवाई नहीं की जा रही है। जो भी नया अधिकारी आता है वह जांच की बात कहता है, बयानबाजी होती है, लेकिन धरातल पर कुछ नहीं होता।
Iक्या होता है बफर जोनI
पार्क से सटे क्षेत्र जहां पार्क के अंदर से जंगली जानवरों का आवागमन होता है। ऐसे क्षेत्र को बफर जोन कहा जाता है। वहां पर किसी प्रकार के निर्माण कार्य के लिए संबंधित पार्क प्रशासन से अनुमति लेनी होती है।
Iराजाजी टाइगर रिजर्व के बफर जोन में किसी भी प्रकार का निर्माण नहीं किया जा सकता है। यदि बफर जोन में किसी प्रकार का निर्माण हुआ है तो उसकी जांच कराई जाएगी। मैं स्वयं मौके पर जाऊंगा, उसके बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। - राजेश जोशी, रेंजर गौहरी रेंज, राजाजी टाइगर रिजर्वI