कोटद्वार में छह माह की दुष्कर्म पीड़िता मासूम का उपचार हिमालयन अस्पताल, जौलीग्रांट की ओर से निशुल्क किया जाएगा। कुलपति डा. विजय धस्माना ने अस्पताल की ओर से पीड़ितों के उपचार का खर्च संस्थान द्वारा वहन करने की बात कही है। अस्पताल प्रशासन और चिकित्सकों की टीम मुस्तैदी के साथ मासूम के उपचार में जुट गई है।
बता दें बीते मंगलवार को कोटद्वार में एक छह माह की मासूम के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया था। स्थानीय अस्पताल ने मासूम की गंभीर हालत देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया था। जिसे लेकर परिजन देर रात करीब 11 बजे हिमालयन अस्पताल पहुंचे।
अस्पताल के बाल रोग विशेषज्ञ डा. संतोष कुमार ने रात को ही मासूम को प्राथमिक उपचार दिया और बुुधवार सुबह चिकित्सकों द्वारा मासूम के घावों को आपरेट किया गया। उपचार के बाद मासूम को पोस्ट ऑपरेटिव वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है।
डा. संतोष कुमार के अनुसार मासूम बच्ची खतरे से बाहर है। दूसरी ओर हिमालयन यूनिवर्सिटी के कुलपति डा. विजय धस्माना ने बताया कि पीड़ित मासूम के उपचार का खर्च हिमालयन अस्पताल उठाएगा। एसआरएचयू पीड़िता को हरसंभव मदद देगी।