- एसडीआरएफ ने कटर से कार को काटकर चारों को बाहर निकाला
- डंपर के नीचे जा घुसी कार, आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त
मालाकुंठी में भीषण सड़क हादसा, भाई-बहन की मौत, दो घायल
ऋषिकेश। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर ब्यासी के समीप मालाकुंठी में सोमवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में भाई-बहन की मौत हो गई, जबकि कार में सवार दो युवतियां गंभीर रूप से घायल हैं। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए एसडीआरएफ को कटर से कार काटनी पड़ी। दोनों घायल युवतियों को उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
सोमवार सुबह करीब सवा सात से साढ़े सात बजे के बीच ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर मालाकुंठी के समीप देहरादून से श्रीनगर की ओर जा रही कार सामने से आ रहे डंपर के नीचे घुस गई। बताया गया कि डंपर खाली था और ऋषिकेश की ओर आ रहा था। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। हादसे के बाद डंपर चालक ने तत्काल पुलिस को दुर्घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। कार की स्थिति देखकर रेस्क्यू टीम ने कटर की मदद से कार को काटकर उसमें फंसे लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद सभी घायलों को उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश भेजा गया। थाना मुनिकीरेती के प्रभारी निरीक्षक प्रदीप चौहान ने बताया कि अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने कार सवार ऋषभ सेमवाल (22) और उनकी बहन रक्षा सेमवाल (24),(पुत्र-पुत्री राकेश सेमवाल) निवासी श्रीनगर को मृत घोषित कर दिया। हादसे में कार सवार सुहानी पुत्री कमल सिंह, निवासी रानीहाट, कीर्तिनगर और ईशानी गौड़ पुत्री संजीव गौड़ घायल हुई हैं। दोनों का एम्स में उपचार चल रहा है। वहीं डंपर चालक को हिरासत में लिया गया है।