सूबे के मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि हिंदुजा बंधु देश-दुनिया के साथ ही उत्तराखंड में भी निवेश करें, जिससे राज्य को विकास हो। उन्होंने बताया कि वह इसी विषय पर चर्चा करने के लिए उद्योगपति हिंदुजा बंधुओं से मिलने स्वर्गाश्रम आए हैं।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने हिंदुजा परिवार के सदस्यों से स्वर्गाश्रम के बंद कमरे में राज्य के विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की। बृहस्पतिवार को परमार्थ निकेतन पहुंचे मुख्यमंत्री हरीश रावत ने आश्रम में ठहरे उद्योगपति हिंदुजा ब्रदर्स गोपी चंद्र हिंदुजा, प्रकाश हिंदुजा और अशोक हिंदुजा से मुलाकात की।
इस दौरान उन्होंने पत्रकारों को बताया कि उन्हें हिंदुजा बंधुओं के तीर्थनगरी स्वर्गाश्रम में आने की जानकारी मिली थी। लिहाजा उनसे राज्य के विकास और पूंजी निवेश के लिए चर्चा और मुलाकात के लिए वह यहां आए हैं। सीएम ने कहा कि यह हमारे लिए उनसे मिलने का बड़ा मौका था। उन्होंने बताया कि हिंदुजा ब्रदर्स विश्व में देश का नाम बढ़ा रहे हैं।
सीएम ने बताया कि हिंदुजा ब्रदर्स से उन्होंने राज्य में निवेश करने का आग्रह किया। मगर यह कहते हुए इस बारे में कुछ भी बताने से इनकार कर दिया कि जब इस दिशा में काम होगा तो सबको पता चल जाएगा। मौके पर आश्रमाध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती मुनि महाराज और साध्वी भगवती आदि मौजूद थे।
मार्च तक होगा थ्रीलेन ब्रिज का निर्माण
परमार्थ निकेतन में हिंदुजा ब्रदर्स से मिलने पहुंचे मुख्यमंत्री हरीश रावत ने बताया कि मुनिकीरेती में गंगा पर निर्माणाधीन थ्रीलेन ब्रिज मार्च 2016 तक बनकर तैयार हो जाएगा। इस दौरान अर्द्धकुंभ मेले के तहत तीर्थनगरी में विकास कार्य और अन्य व्यवस्थाओं के बाबत पूछे जाने पर सीएम चुप्पी साध गए।
हरिद्वार और पंतनगर में बनाएंगे चैरिटेबल अस्पताल
परमार्थ निकेतन पहुंचे हिंदुजा ब्रदर्स ने बताया कि उनकी माता जमना बाई हिंदुजा और पिता परमानंद दीपचंद हिंदुजा साल में दो बार हरिद्वार आते थे। उन्होंने बताया कि मां गंगा से उनकी भक्ति के चलते ही वह स्वामी चिदानंद सरस्वती मुनि से मिले थे। इसके बाद से वह आश्रम की गतिविधियों में जुट गए।
उन्होंने बताया कि इसके चलते ही हमारा भी आश्रम से लगाव बढ़ा। हिंदुजा बंधु गोपीचंद्र और प्रकाशचंद्र हिंदुजा ने हरिद्वार और पंतनगर में चैरिटेबल अस्पताल बनाने की बात कही है। इस मौके पर उन्होंने उत्तराखंड में कई औद्योगिक केंद्र खोलने के संकेत भी दिए। तीर्थाटन और पर्यटन स्थल होने के कारण उन्होंने तीर्थनगरी में टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए निजी तौर पर प्रयास किए जाने की बात भी कही।
थ्रीलेन पुल बना रोड़ा
हिंदुजा ब्रदर्स से मिलने पहुंचे मुख्यमंत्री हरीश रावत का हेलीकॉफ्टर आईडीपीएल हेलीपैड पर उतरा। वेद निकेतन के समीप गंगा पर निर्माणाधीन थ्रीलेन पुल के कारण सीएम आईडीपीएल से बैराज होते हुए सड़क मार्ग से परमार्थ निकेतन आश्रम पहुंचे। जबकि, इसके बाद मुख्यमंत्री के पास समयाभाव के चलते उनके हेलीकॉफ्टर को वानप्रस्थ आश्रम के गंगाघाट पर उतारा गया। यहां से मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर ने देहरादून के लिए उड़ान भरी।