ऋषिकेश। पंजाब में किसानों के उग्र आंदोलन के कारण हेमकुंड एक्सप्रेस 10वें दिन रवाना हुई। ट्रेन के रवाना होने पर यात्रियों ने राहत की सांस ली। इस ट्रेन के रद होने के कारण पंजाब और जम्मू कश्मीर जाने वाले यात्री परेशान हो रहे थे।
20 दिसंबर को पंजाब में किसानों के आंदोलन के कारण रेलवे प्रशासन की ओर से हेमकुंड एक्सप्रेस को रद्द करने के आदेश जारी किए गए थे। पंजाब में स्थिति सामान्य होने के बाद बुधवार को इस ट्रेन के संचालन के आदेश जारी किए गए। यह ट्रेन अपने निर्धारित समय शाम पांच बजकर 20 मिनट पर ऋषिकेश रेलवे स्टेशन से कटरा के लिए रवाना हुई। रेलवे स्टेशन के अधीक्षक एसके शर्मा ने बताया कि पंजाब में किसानों के आंदोलन को देखते हुए मंडल मुख्यालय से ट्रेन को रद्द करने के आदेश जारी किए थे। अब स्थिति सामान्य होने पर ट्रेन अपने निर्धारित समय पर रवाना हुई। ट्रेन की रैक यहां थी, इसलिए उसी रैक को पहले भेजा गया।