ऋषिलोक कोविड केयर सेंटर मुनिकीरेती में निरीक्षण करते जिला अनुश्रवण एवं निगरानी समिति के सदस्य।
- फोटो : RISHIKESH
कोविड केयर सेंटर में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की देखभाल में कोई लापरवाही न हो, इसके लिए हाईकोर्ट के आदेश पर बुुधवार को जिला अनुश्रवण एवं निगरानी समिति के सदस्यों ने मुनिकीरेती स्थित ऋषिलोक कोविड केयर सेंटर का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान टीम सदस्यों ने कोविड सेंटर में रह रहे कोरोना पॉजिटिव मरीजों से बातचीत कर उनके खानपान और दिनचर्या की जानकारी ली। इसके बाद टीम सदस्यों ने कोरोना पॉजिटिव मरीजों को दिए जाने वाले खाने का निरीक्षण किया। टीम सदस्यों ने स्वास्थ्य विभाग से मरीजों की रोजाना की दिनचर्या की जानकारी ली। टिहरी जिले के फकोट ब्लॉक स्वास्थ्य प्रभारी डॉ. जगदीश चंद्र जोशी ने टीम सदस्यों को जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में सेंटर में 56 मरीज आईसोलेट हैं, इसके अलावा 15 कोरोना पॉजिटिव मरीज होम क्वारंटीन हैं। सेंटर में रह रहे मरीजों की स्वास्थ्य टीम पूरी तरह जांच करती रहती है। जो मरीज होम क्वारंटीन हैं, स्वास्थ्य विभाग की टीम उनके स्वास्थ्य जांच के लिए उनके घर पर जाती है। साथ ही क्षेत्र में आशा कार्यकर्ताएं सक्रिय हैं।
टिहरी जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष और समिति के सदस्य शांति प्रसाद भट्ट ने बताया कि हाईकोर्ट के आदेशानुसार गठित टीम कोविड केयर सेंटर का निरीक्षण कर रही है। उनकी निरीक्षण की रिपोर्ट प्रत्येक शनिवार को कोर्ट में भेजी जाती है। इस मौके पर टीम समिति के सदस्य अशोक कुमार, नरेंद्रनगर उपजिलाधिकारी युक्ता मिश्र आदि शामिल थे।