जिला खेल कार्यालय नरेंद्र नगर टिहरी गढ़वाल के खेल विभाग की ओर से मुनि की रेती स्थित ओंकारानंद सरस्वती निलियम स्कूल में आयोजित राज्य स्तरीय महिला बास्केटबाल चैंपियनशिप उत्तराखंड प्रतियोगिता में हरिद्वार और ऋषिकेश इंटरनेशनल स्कूल ने बाजी मारी।
38वें राष्ट्रीय खेलों के प्रचार-प्रसार के रूप में आयोजित प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों के करीब 150 खिलाड़ियों ने भाग लिया। मंगलवार को प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला खेला गया। महिला ओपन वर्ग का फाइनल मुकाबला हरिद्वार और पिथौरागढ़ के बीच खेला गया। जिसमें हरिद्वार विजेता और पिथौरागढ़ की टीम उपविजेता रही।
अंडर-16 बालक वर्ग का फाइनल मुकाबला ऋषिकेश इंटरनेशनल स्कूल और नरेंद्रनगर के बीच खेला गया। जिसमें ऋषिकेश इंटरनेशनल स्कूल की टीम विजेता बनी। विजेता टीम के खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। इस मौके पर अनिल बडोला, जयपाल पुंडीर, अर्चना गैरोला, दिवाकर मैठाणी, रमेश सकलानी, डीपी रतूड़ी, दीपक रावत आदि मौजूद रहे।