- लोनिवि श्रीनगर तैयारियों में जुटा, क्षेत्र के सैंकड़ों लोग जुटेंगे भूमि पूजन में
- 58 करोड़ की लागत से बनाया जा रहा 150 मीटर आर्च का मोटरपुल
ऋषिकेश। गंगा नदी पर करीब 58 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे 150 मीटर आर्च मोटरपुल का भूमि पूजन 12 अक्टूबर को सिंगटाली में पौड़ी जिले की ओर किया जाएगा। लोनिवि श्रीनगर गढ़वाल की टीम कार्यक्रम की तैयारियों में जुटी है। इस मौके पर द्वारीखाल और यमकेश्वर विकासखंड के कई गांवों के ग्राम प्रधान समेत 500 से अधिक लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।
सिंगटाली मोटरपुल का निर्माण 4 जून 2026 से शुरू हुआ है और परियोजना को 31 अक्टूबर 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य है। पौड़ी जिले की ओर सिंगटाली झूलापुल से ढांगूगढ़ तक करीब 2.270 किमी डबल लेन एप्रोच रोड भी बनाई जाएगी, जिस पर करीब 95.58 लाख रुपये खर्च होंगे।सितंबर में भूमि पूजन प्रस्तावित था लेकिन पंचक और इसके बाद पितृ पक्ष के चलते कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया था। अब 12 अक्टूबर को भूमि पूजन होगा। सिंगटाली मोटरपुल संघर्ष समिति के अध्यक्ष उदय सिंह नेगी ने बताया कि क्षेत्र के लिए यह ऐतिहासिक दिन है। उन्होंने कहा कि ग्राम प्रधान ढोल-दमाऊं और मशकबीन के साथ कार्यक्रम में पहुंचेंगे। सभी ग्राम प्रधानों को सूचना दी जा चुकी है।
कोट-
सिंगटाली में मोटरपुल के भूमि पूजन के लिए तैयारियां की जा रही हैं। 12 अक्तूबर को भूमि पूजन होगा। इस दिन सैकड़ों लोगों के कार्यक्रम में पहुंचने की उम्मीद है। - किशोर कुमार, अधिशासी अभियंता, लोनिवि श्रीनगर गढ़वाल