खूब बहती है अमन की गंगा बहने दो, मत फैलाओं देश में दंगा रहने दो, लाल हरे रंग में ना बांटो हमको, मेरे छत पर एक तिरंगा रहने दो... इसी का संदेश देशवासियों को देने के लिए मेरठ के शिवभक्तों की एक टोली तिरंगा परिधान पहन भोलेनाथ के दर्शन करने पहुंची। शुक्रवार को नीलकंठ धाम में जल चढ़ाकर उन्होंने भालेनाथ से देश में शांति की मन्नत मांगी।
अखिल भारतीय हिंदू शक्ति दल मेरठ से आए हुए शिवभक्त ओमकारनाथ शर्मा, आशीष शर्मा, अशोक यादव, दिनेश कश्यप, आशीष, अनिल कुमार ने बताया कि वह हर वर्ष सावन महीने में नीलकंठ महादेव के दर्शन करने के लिए आते हैं। लेकिन इस वर्ष वह अपने लिए नहीं अपने देश के लिए आए हैं। देश में फैल रही अशांति और आतंकवादी घटनाओं को रोकने के लिए उन्होंने भोलेनाथ से मन्नत मांगी है। उन्होंने बताया कि दल ने हरिद्वार से जल भरकर साइकिल यात्रा से नीलकंठ धाम में जलाभिषेक किया है। भगवान भोलेनाथ उनकी मनोकामना जरूर पूरी करेंगे।