हरिद्वार रोड स्थित 72 सीढ़ी के पास पेट्रोल पंप में पेट्रोल-डीजल की घटतौली का जांच करते एसडीएम वरुण
- फोटो : RISHIKESH
ऋषिकेश। हरिद्वार रोड स्थित बहत्तर सीढ़ी के पास स्थित पेट्रोल पंप पर एसडीएम ने विभागीय टीम के साथ छापा मारा। इस दौरान मशीन से दिए जाने वाले नंबरों का मिलान किया गया। कार्रवाई के दौरान एक लीटर पर 10 से 20 मिलीलीटर पेट्रोल कम मिला। एसडीएम ने पेट्रोल के सैंपल भरवाए।
एसडीएम को हरिद्वार रोड स्थित पेट्रोल पंप पर घटतौली होने की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायत का संज्ञान लेते हुए एसडीएम वरुण चौधरी ने दोपहर एक बजे पेट्रोल पंप पर आकस्मिक छापा मारा। इस दौरान एसडीएम ने टीम में शामिल बाट माप निरीक्षक अशोक शर्मा से एक लीटर, दो लीटर और पांच लीटर के पैमाने (पीपे) से तेल की माप करवाई। इस दौरान एक लीटर पर 10 से 20 मिलीलीटर पेट्रोल कम मिल रहा था। एसडीएम की ओर से पूछने पर पंप ऑपरेटरों की ओर से बताया गया कि 10 से 20 मिलीलीटर तेल उड़ जाता है। इसके बाद एसडीएम ने पेट्रोल के सैंपल भरवाए। इस दौरान पंप बूथ के ऑपरेटिंग सिस्टम का भी निरीक्षण किया गया। एसडीएम वरुण चौधरी ने कहा कि किसी प्रकार की घटतौली सामने नहीं आई है, लेकिन जो 10 से 20 मिलीलीटर पेट्रोल कम आ रहा है, इसकी भी जांच कराई जाएगी। कार्रवाई के दौरान तहसीलदार अभिनव शाह, पूर्ति निरीक्षक विजय डोभाल आदि उपस्थित थे।
इनसेट
घटतौली पर अंकुर गैस एजेंसी पर 10 हजार का जुर्माना
ऋषिकेश। गैस सिलिंडर में डेढ़ किलोग्राम गैस कम मिलने पर बाट माप विभाग की ओर से अंकुर गैस एजेंसी पर दस हजार का जुर्माना लगाया। बाट माप निरीक्षक ने अशोक शर्मा ने बताया कि एसडीएम के आदेश पर उन्होंने प्रगति बिहार स्थित अंकुर गैस के गोदाम गैस सिलेंडरों में गैस सिलेंडरों का वजन तोला तो एक गैस सिलेंडर में करीब डेढ़ किलोग्राम गैस कम मिली। इस मामले में गैस एजेंसी स्वामी को नोटिस देकर दस हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। उन्होंने बताया कि शहर की अन्य गैस एजेंसियों की भी जांच की जाएगी।