ऋषिकेश। यमकेश्वर ब्लॉक में भालू (चरख) का हमला थमने का नाम नहीं ले रहा है। भालू एक के बाद एक गांव में ग्रामीणों के मवेशियों को अपना निवाला बना रहा है। मवेशियों पर इस तरह से हो रहे हमले से ग्रामीणों में दहशत फैली हुई है। साथ ही ग्रामीणों का वन विभाग के खिलाफ आक्रोश है। भालू के दहशत से निजात पाने के लिए ग्रामीणों ने वन प्रभाग लैंसडोन से गांव में भालू को पकड़ने के लिए वनकर्मियों की गश्त लगाने व पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है। समस्या का समाधान नहीं होने पर ग्रामीणों ने संबंधित विभाग के खिलाफ उग्र आंदोलन की मांग की है।
फल्दाकोट मल्ला गांव निवासी कन्हैयालाल पुत्र विष्णुदत्त ने बताया कि हर रोज की तरह उन्होंने अपनी एक दुधारू गाय को गोशाला के अंदर बांधी हुई थी। सोमवार सुबह जैसे ही वह अपनी गाय को गोशाला के अंदर से बाहर निकालने के लिए गया तो उनके होश उड़ गए। गोशाला का दरवाजा टूटा हुआ था और अंदर गाय मृत पड़ी हुई थी, गाय के आगे का हिस्सा पूरी तरह से खाया हुआ था। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी दलमोगी, टोला, कुकरेतीधार, सिंदुड़ी, भेल्डुुंगा आदि गांव में इसी जंगली जानवर ने कई ग्रामीणों के मवेशियों को इसी तरह अपना निवाला बनाया है। लेकिन वन विभाग इस ओर तमाशबीन बना हुआ है।
सामाजिक कार्यकर्ता कमलकिशोर कंडवाल ने बताया कि भालू यमकेश्वर ब्लॉक के कई गांवों में ग्रामीणों की गोशाला तोड़कर अंदर बंधे मवेशियों को निवाला बना रहा है। ग्रामीणों में इसकी दहशत कम हो इसके लिए उन्होंने वनप्रभाग लैंसडौन के डीएफओ को ज्ञापन भेजकर समस्या के समाधान की मांग की है। लालढांग रेंजर बिंद्रपाल ने बताया कि पीड़ित परिवार को वन विभाग की ओर से मुआवजा दिया जाएगा। भालू को पकड़ने के लिए विभाग की ओर से गांव में पिंजरा लगाया जाएगा।