स्वर्गाश्रम ट्रंचिंग ग्राउंड के समीप सीमा का सत्यापन करती वन विभाग की टीम।
- फोटो : RISHIKESH
ऋषिकेश। स्वर्गाश्रम स्थित ट्रचिंग ग्राउंड भूमि विवाद के तहत वन विभाग की टीम ने सीमा सत्यापन अभियान चलाया। इसमें ट्रचिंग ग्राउंड वन विभाग की भूमि पर पाया गया। इस दौरान यहां पड़े कूड़े को देख वन विभाग के उपनिदेशक ने काफी नाराजगी जताई। उन्होंने नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी को शीघ्र ही ट्रंचिंग ग्राउंड में फैले कूड़े को हटाने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी भी दी कि यदि दोबारा कूड़ा डाला गया तो विभाग की ओर से नगर पंचायत के खिलाफ केस दर्ज कराया जाएगा।
बता दें, वर्तमान में स्वर्गाश्रम स्थित ट्रंचिंग ग्राउंड भूमि का विवाद वन विभाग, राजस्व और नगर पंचायत के बीच उलझा हुआ है। इसके तहत सोमवार को राजाजी टाईगर रिजर्व के उपनिदेशक दीपक सिंह के नेतृत्व में वन विभाग की टीम सर्वे करने स्वर्गाश्रम स्थित ट्रंचिंग ग्राउंड पहुंची। यहां उन्होंने रिजर्व पार्क के अंतर्गत आने वाली सीमाओं का सत्यापन किया। इस दौरान नगर पंचायत स्वर्गाश्रम, जौंक का ट्रंचिंग ग्राउंड वन भूमि के अंतर्गत पाया गया। साथ ही समीप स्थित एक आश्रम का कुछ भाग भी वन सीमा के दायरे में पाया गया है। मौका मुआयना के बाद टीम ट्रचिंग ग्राउंड का निरीक्षण करने लगी। पाया गया कि ट्रंचिंग ग्राउंड पर बड़ी मात्रा में कूड़ा फैला हुआ है। साथ ही आवारा पशुओं ने अपना डेरा जमाया हुआ था। इसी बीच मौके पर पहुंचे नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी मोहन प्रसाद गौड़ के समक्ष उपनिदेशक ने काफी नाराजगी जताई। उन्होंने तत्काल अधिशासी अधिकारी को विवादित भूमि पर कूड़ा न डालने के स्पष्ट निर्देश दिए। साथ ही यहां फैले कूड़े को शीघ्र हटाने के लिए भी कहा। उन्होंने कहा कि कि यदि इसके बाद भी यहां कूड़ा डाला जाएगा तो नगर पंचायत के विरुद्ध मामला पंजीकृत कराया जाएगा। इस मौके पर सर्वे टीम में जीडी जोशी, सीपी डोभाल, वार्डन कोमल सिंह, रेंज अधिकारी धीर सिंह, बीएस रावत, नवीन ध्यानी आदि उपस्थित रहे।
---
ट्रचिंग ग्राउंड के संबंध में शीघ्र ही पंचायत अध्यक्ष के नेतृत्व में जिलाधिकारी से वार्ता की जाएगी। राजस्व विभाग की ओर से यह भूमि ट्रंचिंग ग्राउंड के लिए प्रस्तावित की गई थी। अन्य कोई भूमि पंचायत के पास उपलब्ध नहीं है। कूड़ा ट्रंचिंग ग्राउंड पर जमा करके निस्तारण के लिए हरिद्वार भेजा जाता है। फिलहाल जमा कूड़े को हटवाने और भेजने का समय रहते पर्याप्त इंतजाम कर लिया जाएगा।
-मोहन प्रसाद गौड़, अधिशासी अधिकारी, नगर पंचायत स्वगाश्रम जौंक