ऋषिकेश में पूर्णानंद घाट पर रविवार को सैन्य सम्मान के साथ सीमा सुरक्षा बल के शहीद अनिल भट्ट को नम आंखों से विदाई दी गई। यहां उनके दस साल के पुत्र नमन ने उन्हें मुखाग्नि दी। इस दौरान सेना के जवानों ने मातमी बैंड धुन और फायर दागकर कर सलामी दी।
मूलरूप से ग्राम जखनियाल, पट्टी नैलचामी, घनसाली टिहरी गढ़वाल के रहने वाले अनिल भट्ट परिवार के साथ प्रेमनगर, डोईवाला में रहते थे। अनिल कोलकाता में 158वीं बटालियन बीएसएफ में तैनात थे। जो पंद्रह दिन पूर्व ही छुट्टी बिताकर वापस ड्यूटी पर वापस गए थे।
ड्यूटी के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से उनकी शहादत हो गई। रविवार को शहीद अनिल का पार्थिव शरीर सैन्य सम्मान के साथ पूर्णानंद घाट लाया गया। यहां बीएसएफ की एक टुकड़ी ने शहीद के सम्मान में मातमी धुन बजाई और फायरिंग की।
शहीद अनिल अपने पीछे अपने पिता, मां, पत्नी और अपने बेटे को छोड़ गए हैं। इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल, तहसीलदार रेखा आर्य, सीओ विरेंद्र रावत, मुनिकीरेती थाना प्रभारी आरके सकलानी, उपनिरीक्षक विकेंद्र कुमार, राजस्व निरीक्षक सतीश जोशी, शहीद के चाचा जगत लाल, दीवान लाल, रूकम लाल राही, दर्शन लाल, बसंत लाल, डीआर तलवान, सुरेंद्र दत्त, पीडी प्रेमी, नीरज आदि उपस्थित रहे।