स्वच्छ सर्वेक्षण की तिमाही रैंकिंग मेें प्रथम आने के बाद नगर पालिका मुनिकीरेती ने ओडीएफ प्लस के लिए कवायद शुरू कर दी है। मुनिकीरेती की संकरी गलियों से अब पैदल रिक्शे से डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन किया जाएगा। इसके लिए नगर पालिका ने 15 पैदल रिक्शे खरीदने का निर्णय लिया है। शुक्रवार को एक होटल में प्रेस वार्ता आयोजित कर पालिकाध्यक्ष रोशन रतूड़ी बताया कि इन रिक्शों का संचालन रात में भी कूड़ा उठाने के लिए किया जाएगा।
पालिकाध्यक्ष रोशन रतूड़ी ने कहा कि सभी के सहयोग से मुनिकीरेती स्वच्छ सर्वेक्षण की तिमाही रैंकिंग मेें देश में प्रथम और अब ओडीएफ प्लस के दायरे में शामिल हो चुकी है। इस पर उन्होंने समस्त सभासदों, अधिशासी अधिकारी और पालिका कर्मियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पिछली बार पालिका ओडीएफ प्लस में शामिल होने से रह गई थी। उन्होंने कहा कि अब पालिका का पूरा ध्यान स्वच्छता पर है। इसके तहत समस्त सभासद अपने वार्डों में जनता को स्वच्छता के प्रति जागरूक कर रहे हैं। साथ ही पालिका क्षेत्र के प्रत्येक घर में डस्टबिन और कपड़े के बैग बांटे जा रहे हैं। सभी वार्डों में गीले और सूखे कूड़े को अलग-अलग करने की अपील भी की जा रही है। बताया कि अब तक तीन वार्डों में डस्टबिन और कपड़े के बैग बांटे जा चुके हैं।
प्रेस वार्ता में अधिशासी अधिकारी बद्री प्रसाद भट्ट, सभासद गजेंद्र सिंह, मनोज बिष्ट, धर्म सिंह, सुषमा नेगी, बिन्नू चौहान, वंदना थलवाल, सुभाष चौहान, विनोद सकलानी, सफाई निरीक्षक भूपेंद्र पंवार, दीपक कुमार, अजय रमोला, कौशल चौहान, रोहित गोडियाल आदि उपस्थित रहे।
----
रेहड़ी संचालकों को भी रखना होगा कूड़ेदान
पालिकाध्यक्ष ने बताया कि पालिका क्षेत्र में स्वच्छता के प्रति दुकानदारों की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी। दुकानदारों के पास सूखा कूड़ा अधिक होता है। इसलिए उन्हें बड़े डस्टबिन दिए जाएंगे। रेहड़ी संचालकों को भी डस्टबिन रखना अनिवार्य होगा।
----
बहुमंजिला पार्किंग के लिए 34 करोड़ का प्रस्ताव
पालिकाध्यक्ष रोशन रतूड़ी ने बताया कि सीजन के दौरान मुनिकीरेती क्षेत्र में वाहनों का बड़ी संख्या में जमावड़ा लग जाता है। इस कारण यहां जाम की समस्या बनी रहती है। इससे निजात के लिए 34 करोड़ रुपये की लागत से बहुमंजिला पार्किंग का प्रस्ताव कुंभ मेला प्रशासन को भेजा गया है।
----
मार्च के बाद सीवर लाइन से जुड़ेगा हर घर
पालिकाध्यक्ष ने बताया कि सीवर ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का कार्य पूरा होने के बाद पालिका के सीवर विहीन क्षेत्रों को सुविधा से जोड़ा जाएगा। फरवरी तक एसटीपी का कार्य पूरा होने की उम्मीद है। मार्च से पालिका क्षेत्र में सीवर व्यवस्था को बेहतर किया जाएगा। प्रत्येक घर को सीवर लाइन से जोड़ा जाएगा।
----
पांच सेक्टर में बंटेगा पालिका क्षेत्र, तय होंगे गलियों के नाम
पालिकाध्यक्ष ने बताया कि सेक्टर के अनुरूप पालिका क्षेत्र को बांटा जाएगा। इसके अनुरूप की गलियों को नाम दिए जाएंगे। बताया कि नक्शा तैयार हो चुका है। करीब पांच सेक्टर में नक्शा बांटा जाना है।