चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए कोतवाली पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने युवकों से चोरी की गई नकदी व स्कूटी बरामद किया है।
बीते एक जनवरी को बापूग्राम निवासी प्रदीप कुमार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। बताया था कि चोरों ने मंदिर का ताला तोड़कर दानपात्र से पैसे चुरा लिए हैं। 17 जनवरी को पशुलोक निवासी सरोज ममगाईं ने घर में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। उसी दिन नंदू फार्म निवासी अजय मौर्य ने भी दुकान में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी।
18 जनवरी को मालवीय नगर निवासी सत्यपाल, बीस बीघा निवासी ऋषिराम जोशी व शिवाजी नगर निवासी अभिषेक शर्मा ने भी चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। प्रभारी निरीक्षक आरएस खोलिया ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज व अन्य जानकारी के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई थी।
बीते रविवार की रात चार युवकों को गिरफ्तार किया गया। जो इन चोरी की घटनाओं से संंबंधित हैं। युवकों की पहचान आयुष निवासी आईडीपीएल, लोकेश जाव निवासी शिवाजी नगर, मोहित कुमार निवासी शांतिनगर व राहुल कुमार निवासी परशुराम चौक के रूप में हुई। आरोपियों से चोरी की गई नकदी व स्कूटी भी बरामद हुई है। चारों आरोपी नशे के आदी हैं और नशे की पूर्ति के लिए चोरी की घटनाओं की अंजाम देते थे।