हरिद्वार बाईपास मार्ग पर एक बाइक के बेकाबू होकर एक ठेली से टकराने पर बाइक सवार पिता, पुत्र और ठेलीवाला घायल हो गया। वहीं, दून मार्ग पर बाइकों में भिड़ंत से दो छात्र घायल हुए हैं। सभी घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सोमवार शाम एक बाइक नटराज चौक की ओर से श्यामपुर की ओर आ रही थी, इसी बीच मंसा देवी तिराहा से आगे दूधूपानी क्षेत्र में बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी एक आलू की ठेली से टकरा गई। टक्कर लगते ही बाइक सवार गुड्डू (45) पुत्र रामचंद्र निवासी गुमानीवाला और उनका पुत्र राजा (20) घायल हो गए। बाइक की चपेट में आने से ठेली वाला बिशन सिंह (70) निवासी गीतानगर भी चोटिल हो गया।
सूचना पर 108 आपातकालीन सेवा ने घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं, सुबह ट्यूशन पढ़ने दून मार्ग की ओर आ रहे बाइक सवार छात्र सुनील नेगी (17) पुत्र गणेश सिंह निवासी 116 आवास विकास कालोनी, वीरभद्र मार्ग और सुधीर राणा (18) पुत्र शक्ति सिंह निवासी मीरानगर, आईडीपीएल सामने से आ रही एक बाइक से टकराकर घायल हो गए। घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया है। बताया कि घायल 12वीं कक्षा के छात्र हैं।
हेलमेट होता नहीं लगती चोट
दून मार्ग पर हादसे में घायल के चेहरे और सिर पर गंभीर चोट आई है। यदि चालक ने हेलमेट पहना होता तो शायद चोट नहीं लगती। स्थिति खतरे से बाहर है।