गूलर बस हादसे में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस संबंध में बस में सवार एक व्यक्ति को थाना मुनि की रेती में शिकायत दी है। पुलिस का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है। हालांकि बस दुर्घटना में चालक की भी मौत हाे चुकी है।
विज्ञापन
मंगलवार सुबह करीब 5 बजे ऋषिकश-बदरीनाथ हाईवे पर गूलर पुल के पास एक बस दुर्घटनाग्रस्त होकर 100 मीटर गहरी खाई में गिर गई थी। दुर्घटना में 9 लोगों की मौत हो गई थी जबकि 25 घायल हुए थे। घायलों को एम्स के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती किया गया है। बस में सवार लोगों ने बस चालक पर लापरवाही और तेजी से बस चलाने का आरोप लगाया था।
बस में सवार संतोष पुत्र नरेश यादव निवासी ग्राम कुबेर थाना कोसी जिला जहानाबाद बिहार ने इस संबंध में थाना मुनि की रेती में शिकायत दी है। शिकायत में संतोष ने बताया कि बार-बार टोकने के बावजूद भी बस चालक तेजी व लापरवाही से बस चलाता रहा। प्रभारी निरीक्षक थाना मुनि की रेती प्रदीप चौहान ने बताया कि शिकायत पर अज्ञात चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले में जांच की जा रही है।