बड़कोट रेंज क्षेत्र में सात मोड़ के समीप शुक्रवार तड़के करीब साढ़े पांच बजे किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से एक मादा सांभर की मौत हो गई। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद वन विभाग ने शव का विधिवत अंतिम निस्तारण (दफन) कर दिया।
मृत मादा सांभर की उम्र दो से तीन साल के करीब है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि सड़क पार करते समय किसी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने सांभर को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के संबंध में वन विभाग ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बीते पांच अप्रैल को भी ऋषिकेश रेंज में इंद्रमणि बडोनी चौक के समीप जंगलात चौकी से महज करीब एक किलोमीटर की दूरी पर अज्ञात वाहन ने देर शाम एक सांभर को टक्कर मार दी थी। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई थी। लेकिन वन विभाग अभी तक उक्त वाहन चालक को तलाश नहीं कर पाया है।
-
अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम के बाद सांभर के शव को दफना दिया गया है। - गणेश उनियाल, रेंजर, बड़कोट रेंज।