- स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने युवाओं से संस्कृति और संस्कारों को संजोने का किया आह्वान
हर्रावाला। सीआईएमएस एंड यूआईएचएमटी ग्रुप ऑफ कॉलेजेज में आयोजित तीन दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव धरोहर-2026 का समापन बॉलीवुड गायक वरुण जैन और उत्तराखंड के कलाकारों की रंगारंग प्रस्तुतियों के साथ हुआ। महोत्सव में दो हजार से अधिक छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
बृहस्पतिवार को अंतिम दिन स्टार ईव कार्यक्रम में वरुण जैन ने अपनी लोकप्रिय गायकी से विद्यार्थियों को झूमने पर मजबूर कर दिया। वहीं, इंडियन आइडल फेम गायक दीपक महर ने भी शानदार प्रस्तुति दी। इससे पहले उत्तराखंड के लोक गायक दर्शन फर्स्वाण, सौरभ मैठाणी, रोहित चौहान और ललित गित्यार ने पहाड़ी गीतों से समां बांधा। महोत्सव के दूसरे दिन फ्रेशर और फेयरवेल पार्टी भी आयोजित की गई।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि शिक्षा के साथ सांस्कृतिक गतिविधियां भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी हैं। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और अपनी संस्कृति, संस्कारों एवं जड़ों को संजोकर रखने का आह्वान किया। संस्थान के चेयरमैन एडवोकेट ललित मोहन जोशी ने आयोजन की सफलता पर विद्यार्थियों और आयोजन समिति को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को निखारने का अवसर प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम में सचिव आवास डॉ. आर. राजेश कुमार, स्वास्थ्य निदेशक डॉ. आशुतोष सयाना, पूर्व लोक सेवा आयोग अध्यक्ष प्रो. जेएमएस राणा, प्रो. अनीता रावत सहित अनेक अतिथि उपस्थित रहे। इस अवसर पर संस्थान के निदेशक रमेश चंद्र जोशी, प्रबंध निदेशक संजय जोशी, पवन शर्मा, डॉ. सपना जोशी सहित शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।