डोईवाला। डोईवाला क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में इन दिनों गुलदार दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। जीवनवाला, दूधली, आर्यनगर, लच्छीवाला समेत कई स्थानों पर गुलदार के दिखाई देने की सूचना सामने आई है। गुलदार के डर लोग शाम ढलने के बाद घरों से बाहर निकलने में सावधानी बरत रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार गुलदार कई मवेशियों और कुत्तों को अपना शिकार बना चुका है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और गुलदार की गतिविधियों पर निगरानी रखने की मांग की है। वन विभाग भी गुलदार की सक्रियता को देखते हुए सतर्क हो गया है। वन क्षेत्र अधिकारी जीएस धामंदा ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में गश्त बढ़ा दी गई है। विभाग की टीम गुलदार की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही है। उन्होंने ग्रामीणों से भी सतर्क रहने और गुलदार दिखाई देने पर तुरंत वन विभाग को सूचना देने की अपील की है। वन विभाग ने ग्रामीणों को विशेष रूप से रात के समय अकेले बाहर न निकलने तथा घरों के आसपास पर्याप्त रोशनी रखने की सलाह दी है।